पोकलैंड और जेसीबी से नदी का चीर रहे सीना
गजबः सरेआम ओवरलोड ट्रैक्टरों पर सिस्टम बना घृतराष्ट्र
हरिद्वार। मुख्यमंत्री ने सख्त आदेश दिया हुआ है कि कोई भी माफिया या खनन का पट्टा स्वामी अवैध खनन करने के लिए अपने कदम आगे न बढाये। मुख्यमंत्री के इस आदेश की धज्जियां किस तरह से हरिद्वार के लक्सर तहसील के रामपुर रायघाटी में उडाई जा रही हैं यह कुछ तस्वीरों में कैद हो गया और पट्टे के निर्धारित सीमांकन से आगे बढ़कर अवैध खनन करने का आरोप लगता आ रहा है और जैसे ही ऐसी शिकायतें लक्सर के एसडीएम के सामने पहुंची तो उन्होंने इस मामले में अपना सख्त रूख दिखा रखा है और मौके पर जब तहसीलदार के नेतृत्व में टीमें गई तो वहां से खनन करने वाले लापता हो गये। हैरानी वाली बात तो यह है कि पोकलैंड और जेसीबी से अवैध खनन तो हो ही रहा है साथ में ट्रैक्टरों में ओवरलोड का जो घातक खेल चल रहा है वह न तो जिला प्रशासन को दिखाई देता है और न ही जनपद की पुलिस को। सवाल खडा हो रहा है कि आखिरकार ओवरलोड ट्रैक्टर जिस रफ्तार से सड़कों पर दौड़ रहे हैं उससे वहां कभी भी कोई बडा हादसा हो जायेगा तो फिर उसका जिम्मेदार आखिर कौन होगा?
उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड के कुछ जनपदों में अवैध खनन करने का खुला खेल किसकी शह पर चल रहा है यह एक पहेली ही बना हुआ है। बहस चलती आ रही है कि कुछ अफसरों, नेताओं, सफेदपोशों और कुछ कलमवीरों ने अपना एक गुप्त सिंडिकेट बना रखा है जो कि सरकार के नदियों में उसका सफेद सोना आये दिन चोरी करने का खुला खेल, खेल रहा है लेकिन सिस्टम घृतराष्ट्र बना हुआ है और उसे नदियों का चीरा जा रहा सीना क्यों नजर नहीं आता यह उसकी मंशा पर एक बडा सवाल खडा कर रहा है। वहीं हरिद्वार में लक्सर तहसील के रामपुर रायघाटी में धड़ल्ले से अवैध खनन चल रहा है। यहां खनन पट्टों की आड़ में खनन माफिया जेसीबी और पोकलैंड मशीनों से खनिज सामग्री ढो रहे हैं। कैमरे में कैद की गई तस्वीरों में दूर-दूर तक ट्रैक्टर ट्राली, जेसीबी और पोकलैंड मशीन खड़ी हुई नजर आ रही हैं। साथ ही गांव के रास्तों पर खनिज सामग्री से लदी ट्रैक्टर ट्राली और डंपर धड़ल्ले से दौड़ रहे हैं। अवैध खनन करने वालों का नेटवर्क इतना स्ट्रांग है कि टीम के छापा मारने से पहले ही उन्हें जानकारी मिल जाती है और सभी रफू चक्कर हो जाते हैं। सवाल खडा हो रहा है कि आखिरकार जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अवैध खनन पर जिला और पुलिस प्रशासन को सख्ती के साथ रोकने का आदेश दिया हुआ है तो फिर कैसे कुछ खनन माफिया धडल्ले से नदियों में अवैध खनन कर रहे हैं और तो और उनके ट्रैक्टरों में जिस तरह से ओवरलोड खनन भरकर सड़कों पर दौडाया जा रहा है वह आम जनमानस के लिए एक घातक है क्योंकि ओवरलोड वाहनों से कभी भी कोई हादसा हो सकता है इसमें कोई शंका नहीं है?
लक्सर के एसडीएम अनिल शुक्ला का कहना है कि इस क्षेत्र से अवैध खनन की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र की लगातार शिकायतें आ रही हैं कि जो पट्टे वाले हैं वह अपने निर्धारित पट्टे से अतिरिक्त खुदाई का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि खान अधिकारी को संदेश भेजा है कि पट्टे पर निगरानी करें इसके अलावा उन्होने दो बार तहसीलदार को वहां पर भेजा है पकडने के लिए लेकिन लगता है कि इनके पहुंचने से पहले ही लोग भाग जाते हैं। एसडीएम ने कहा कि अभी एसआईआर का काम चल रहा है इससे कुछ फ्री होकर वह खुद मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे।
