डोबाल की अपराधियों से जंग

0
13

कप्तान की घेराबंदी में बदमाशों का खेल खत्म
प्रमेंद्र की रणनीति से टूटा शैतानों का गुरूर
पुलिस ने गोलियों का जवाब गोलियों से दिया
देहरादून। पुलिस कप्तान के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने तड़के बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस कप्तान को मिली एक गोपनीय सूचना के बाद जब उन्होंने पुलिस को सघन चैकिंग चलाने का आदेश दिया तो उसके बाद नयागांव चौकी बैरियर पर चैकिंग के दौरान राजस्थान के शातिर बदमाशों और पुलिस के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार कर लिए गए, जबकि तीन अन्य बदमाश फरार हो गए। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर पुलिस टीमों को फरार बदमाशों की तलाश में लगा दिया गया है। डोबाल की अपराधियों से दिखाई दे रही जंग में बदमाशों का खेल अब खत्म होता जा रहा है और उनकी रणनीति से अपराधियों का गुरूर धडाम हो गया है। पुलिस कप्तान ने खुली चेतावनी दी है कि अगर किसी भी अपराधी ने अपराध करने का दुसाहस किया तो उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पडेगा क्योंकि पुलिस बदमाशों के किये गये वार पर पलटवार करने में तिनकाभर भी देरी नहीं करेगी।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल को बाहरी राज्य की एक कार में सवार कुछ बदमाशों के बारे में गोपनीय खबर मिली तो उसके बाद उन्होंने शहर के सभी थाना व चौकी प्रभारियों को अलर्ट कर अपने इलाकों में सघनता के साथ चैकिंग अभियान चलाने का आदेश दिया था। कप्तान के आदेश पर जनपदभर में संदिग्ध वाहनों और अपराधियों की धरपकड़ के लिए सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान नयागांव चौकी बैरियर पर पुलिस टीम ने राजस्थान नंबर की एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मार दी और तेज रफ्तार से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।
चांदनी चौक से भूरपुर होते हुए बदमाश रामगढ़ रपटे तक पहुंचे और वहां कार छोड़कर नदी क्षेत्र की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम लगातार उनके पीछे लगी रही। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बावजूद पुलिस टीम पीछे नहीं हटी और मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। जवाबी फायरिंग में रिंकू मीणा निवासी दौसा, राजस्थान के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। वहीं दूसरा बदमाश विनोद कुमार मीणा, मीणा निवासी करौली, राजस्थान भागने का प्रयास करता रहा, लेकिन पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल बदमाश को तत्काल प्रेमनगर चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो देशी तमंचे, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है।
पुलिस कप्तान ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुठभेड़ में घायल रिंकू मीणा राजस्थान का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है, जिसके खिलाफ हत्या सहित कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार विनोद मीणा का भी लंबा आपराधिक इतिहास बताया जा रहा है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर उनके फरार साथियों और उत्तराखंड में उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल की रणनीति और दून पुलिस की फौरन कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि अपराधियों के लिए अब देहरादून सुरक्षित ठिकाना नहीं रह गया है। पुलिस पर फायरिंग कर बच निकलने का सपना देखने वाले बदमाश कुछ ही मिनटों में कानून के शिकंजे में पहुंच गए। फरार तीन बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और माना जा रहा है कि जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY