धामी मॉडल पर नितिन की मुहर

0
12

राजनीति के चाणक्य धुरंधर ने अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का जीता दिल
एकता से 2027 का चुनावी रण जीतेंगे पुष्कर!
देहरादून(संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तीन दिवसीय उत्तराखण्ड दौरे ने प्रदेश की राजनीति में कई महत्वपूर्ण संकेत छोड़ दिए हैं। संगठन और सरकार के बीच हुए गहन मंथन के बाद यह स्पष्ट दिखाई दिया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड विकास, सुशासन और राजनीतिक स्थिरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अपने प्रवास के दौरान सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों और संगठन के विभिन्न स्तरों के नेताओं से विस्तार से संवाद किया, जिसमें मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली और सरकार के प्रदर्शन को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया सामने आई। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने धामी मॉडल पर अपनी मुहर लगाई और राजनीति के चाणक्य धुरंधर ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी दिल अपनी स्वच्छ राजनीति से जीत लिया। मुख्यमंत्री ने संकल्प लिया है कि पार्टी एकता से 2027 का चुनावी रण जीतेगी और एक बार फिर राज्य के अन्दर बडे बहुमत से सरकार बनायेगी।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पिछले चार वर्षों में सरकार और संगठन के बीच जिस प्रकार का मजबूत तालमेल स्थापित किया है, वह भाजपा की सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। यही कारण है कि पार्टी संगठन आज पूरी ऊर्जा और एकजुटता के साथ सरकार के पीछे खड़ा दिखाई दे रहा है। मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली का सबसे बड़ा पक्ष यह माना जा रहा है कि उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों और संगठन के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने की नीति अपनाई, जिससे पार्टी के भीतर समन्वय और विश्वास लगातार मजबूत हुआ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान हुए विचार-विमर्श में यह भी सामने आया कि राज्य में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, निवेश, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्रों में हुए कार्यों ने भाजपा को मजबूत राजनीतिक आधार प्रदान किया है। संगठन के वरिष्ठ नेताओं ने भी माना कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सरकार ने कई ऐसे निर्णय लिए हैं, जिन्होंने प्रदेश की जनता के बीच भाजपा की स्वीकार्यता को और बढ़ाया है।
सूत्रों के अनुसार राष्ट्रीय नेतृत्व ने संगठन को स्पष्ट संदेश दिया है कि वर्ष 2027 का विधानसभा चुनाव विकास, सुशासन और संगठन की एकजुटता के दम पर लड़ा जाएगा। यही वजह है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। पार्टी अब बूथ स्तर तक संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर तेजी से काम करने जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे ने यह संकेत दे दिया है कि उत्तराखण्ड में भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार और संगठन की मजबूत केमिस्ट्री भाजपा के लिए सबसे बड़ा राजनीतिक हथियार बनकर उभर रही है, जिसके सहारे पार्टी वर्ष 2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।

LEAVE A REPLY