आखिरी सलाम

0
16

कर्तव्यनिष्ठ मनोज को सीएम ने दी श्रद्धांजलि
राज्यकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
देहरादून। वर्दी का रिश्ता केवल ड्यूटी तक सीमित नहीं होता, बल्कि वह साथियों के सुख-दुख में भी उतनी ही मजबूती से खड़ा दिखाई देता है। उत्तराखंड पुलिस के निरीक्षक (अभिसूचना) स्वर्गीय मनोज सिंह मनराल के आकस्मिक निधन पर गुरुवार को पुलिस लाइन, देहरादून इसी भाव का साक्षी बना। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं श्रद्धांजलि देने पहुंचे और पुष्पचक्र अर्पित कर दिवंगत अधिकारी को अंतिम नमन किया। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और इस कठिन घड़ी में सरकार तथा पूरे प्रदेश की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि मनोज सिंह मनराल ने अपने पूरे सेवाकाल में ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि ऐसे अधिकारी किसी भी पुलिस बल की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उनका असामयिक निधन उत्तराखंड पुलिस के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई आसान नहीं होगी। श्रद्धांजलि सभा में पुलिस महानिदेशक, महानिदेशक (अभिसूचना), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून सहित उत्तराखंड पुलिस के अनेक वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और कर्मचारियों ने पुष्पांजलि अर्पित की। दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को संबल देने की प्रार्थना की गई। इसके बाद पुलिस लाइन में पूरे राजकीय सम्मान (गार्ड ऑफ ऑनर) के साथ निरीक्षक मनोज सिंह मनराल को अंतिम विदाई दी गई। अंतिम सलामी के दौरान वातावरण गमगीन हो उठा। वर्दीधारी साथियों की आंखों की नमी इस बात की गवाह थी कि पुलिस परिवार ने केवल एक अधिकारी नहीं, बल्कि एक समर्पित साथी और कर्मयोगी को खो दिया है।
उत्तराखंड पुलिस ने कहा कि स्वर्गीय मनोज सिंह मनराल की कर्तव्यनिष्ठा, सादगी, अनुशासन और सेवाभाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बने रहेंगे। उनकी सेवाओं को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा और पुलिस परिवार उनके परिजनों के साथ हर परिस्थिति में मजबूती से खड़ा रहेगा।

LEAVE A REPLY