बद्रीनाथ धाम में श्रद्धालुओं को सुगम होगे दर्शन

0
16

यात्रियों के साथ विनम्र रखें व्यवहारः डीएम
श्रद्धालु उत्तराखण्ड से साकारात्मक अनुभव लेकर लौटेः कप्तान
चमोली। कल बद्रीनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए दर्शनार्थ हेतु खोल दिए जायेंगें। बद्रीनाथ धाम में दर्शन हेतु आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुरक्षित यात्रा हेतु पुलिस द्वारा सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गयी है, अपनी तैयारियों को अन्तिम रूप देते हुए आज डीएम एवं पुलिस कप्तान द्वारा चारधाम यात्रा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल की श्री बद्रीनाथ धाम स्थित कृष्ण प्रणामी हॉल में ब्रीफिग ली गयी और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को दो टूक संदेश दिया गया कि यात्रियों के साथ विनम्र व्यवहार रखें और हर श्रद्धालु को बद्रीनाथ धाम में अतिथि मानकर उनका सत्कार किया जाये।
पुलिस कप्तान सुरजीत सिंह पँवार ने अपने संबोधन में स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा पर आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए ऐसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे उनकी यात्रा सरल, सुगम एवं सुरक्षित हो। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के साथ-साथ यात्रियों के साथ “अतिथि देवो भवः” एवं उत्तराखंड पुलिस की थीम “मित्रता, सेवा, सुरक्षा” की भावना के अनुरूप व्यवहार किया जाए, ताकि श्रद्धालु उत्तराखंड से सकारात्मक अनुभव लेकर लौटें। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को सुव्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध कर दर्शन कराए जाएं तथा यात्रा मार्गों, मौसम की स्थिति एवं आवश्यक सूचनाएं सोशल मीडिया, बैरियर ड्यूटी एवं पर्यटन पुलिस केंद्रों के माध्यम से समय-समय पर उपलब्ध कराई जाएं। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उसका शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, धाम की पवित्रता एवं मर्यादा बनाए रखने हेतु यात्रा मार्ग एवं मंदिर परिसर में नशीले पदार्थों एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने की भी हिदायत दी गई।
डीएम गौरव कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि ड्यूटी का निर्वहन ईमानदारी के साथ-साथ स्मार्ट तरीके से किया जाना अत्यंत आवश्यक है। श्रद्धालुओं को सहज एवं सुगम यात्रा अनुभव प्रदान करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी को यात्रियों के साथ विनम्र एवं मृदु व्यवहार रखने के निर्देश दिए। इस ब्रीफिंग के माध्यम से चमोली पुलिस ने चारधाम यात्रा-2026 के सफल एवं सुव्यवस्थित संचालन हेतु अपनी तैयारियों को और अधिक सुदृढ़ कर लिया है। उम्मीद है कि इस वर्ष भी यात्रा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न होगी और लाखों श्रद्धालु बिना किसी असुविधा के भगवान बद्री विशाल के दर्शन कर सकेंगे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गिरीश बिष्ट सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY