समाज मे लिंग भेद की भावना को खत्म करने की है जरूरत

0
207

हल्द्वानी(संवाददाता)। अंर्तराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर हल्द्वानी स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में जिले की प्रभारी मंत्री व उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की जहां पार्टी कार्यकर्ताओं और आंगनबाड़ी कार्यकत्र्रियों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
इस दौरान प्रभारी मंत्री ने उपस्थित छात्राओं को संबोधित किया और कहा कि समाज एवं राष्ट्र निर्माण में महिलाओं का सदैव ही उल्लेखनीय योगदान रहा है ,हमे उनके योगदान को भूलना नही चाहिए।आज अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस बालिकाओं के सशक्तिकरण से आगे बढ़कर उनके भीतर छिपी प्रतिभा को सम्मान देने का एक अवसर है। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि हमारे समाज मे बेटियों का जन्म होना कभी अभिशाप माना जाता था लेकिन बदलते समय व बढ़ते शिक्षा के संसाधनों के कारण आज इस अभिशाप को बेटियों ने हर क्षेत्र में अपना परचम लहराते हुए तोडऩे का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि आज हमें अभी भी यह महसूस होता है कि समाज मे लिंग भेद की भावना कहीं ना कहीं मौजूद है जिसे पूरी तरह खत्म करने के लिए हर माता-पिता और हमारे समाज को आगे आना होगा ताकि हम यह कह सके कि हमारी बेटियां बेटों से कम हैं क्या। उन्होंने कहा कि आज हमारी बेटियों ने हर क्षेत्र में आगे बढ़ कर अपनी काबिलियत दिखाई है साथ ही अन्य लोगो के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी हैं। उन्होंने कहा कि हमारी बेटियों ने अपनी मेहनत,लगन व दृढ़ इच्छाशक्ति से आज यह साबित कर दिया है कि वह आज कुछ भी करने में सक्षम हैं।
उन्होंने कहा कि आप सभी बेटियों ने आज यह साबित कर दिया है कि शिक्षा आज हमारा सबसे बड़ा हथियार है, और इसी के बलबूते हम हर चुनौती का मुकाबला कर सकते हैं। वहीं उन्होंने कहा कि आज महिलाओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा व विधानसभा में 3० प्रतिशत का आरक्षण लागू कर दिया है । उन्होंने कहा कि निश्चित ही आने वाले समय में हमारी भागीदारी यहां पर बढ़ेगी और हम एक सशक्त भारत के निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे।साथ ही कहा कि आज हमारी बेटियां हर एक क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। इस अवसर पर इसके साथ ही बालिका दिवस के इस कार्यक्रम में बेटियों की अधिक प्रतिभागिता इस बात का संकेत है कि बेटियां किसी से कम नहीं हैं।वहीं इस दौरान 25 मेधावी बालिकाओं व उनकी माताओं को सम्मानित किया,साथ ही 12०० बालिकाओं को सेनेटरी पैड और 3० महिलाओं को महालक्ष्मी किट भी वितरित किए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट,जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया,जिला महामंत्री रंजन बगेली,जिला महामंत्री नवीन भट्ट, अनुसूचित मोर्चा जिला महामंत्री विन्द्र बाली,ओबीसी मोर्चा जिला महामंत्री वीरेन्द्र जायसवाल, डीपीओ मुकुल चौधरी, प्रधानाचार्य सुधा जोशी सहित विभागीय अधिकारी,पार्टी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी व समस्त छात्राएं उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY