धामी बोलेः जनता की शिकायतों में देरी बर्दाश्त नहीं

0
6

जनता को राहत, अफसरों को हिदायत और तय की जवाबदेही
मुख्यमंत्री का सख्त संदेश, जनता को दफ्तरों के न काटने पडे़ चक्कर
देहरादून। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि हर शिकायत का संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तय समयसीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जनहित और सुशासन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों की जवाबदेही तभी साबित होगी, जब लोगों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान धरातल पर दिखाई देगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री धामी ने आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप और आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण कराया जाए। जिला एवं विभागीय स्तर पर हल होने वाले मामलों को बिना विलंब निपटाया जाए, जबकि उच्च स्तर के मामलों को तत्काल संबंधित विभागों को भेजकर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता को समय पर न्याय और राहत दिलाने का प्रभावी माध्यम बननी चाहिए। प्रत्येक अधिकारी जनसेवा की भावना के साथ पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता से कार्य करे।

LEAVE A REPLY