डोबाल ने उतारा ठग बाबा का भूत

0
4

तंत्रमंत्र का खेल कर दिया तहस नहस
कप्तान अब ठगों के मायाजाल पर कर रहे ‘वार’
देहरादून। पुलिस कप्तान ने तंत्रमंत्र का खेल खेलकर ठग बाबाओं का खेल तहस नहस करने के लिए अब खुद मोर्चा संभाल लिया है। सेलाकुई में एक महिला को अपने सम्मोहन में कैद करके एक ठग बाबा ने उससे बडी मात्रा में सोना ठग लिया था और उसने जिस मायाजाल से महिला को अपना शिकार बनाया उसके बाद महिला ने पुलिस कप्तान के सामने इस ठग बाबा का सारा खेल बयां कर दिया। पुलिस कप्तान ने तंत्र-मंत्र, जादू-टोना और अनिष्ट का भय दिखाकर लोगों को ठगने वाले एक ठग बाबा का भूत उतारने के लिए जो वार किया उसके बाद उस ठग बाबा का सारा तंत्रमंत्र धड़ाम हो गया। पुलिस कप्तान ने दो टूक कह दिया है कि अगर किसी ने भी जनपद में किसी के साथ भी तंत्रमंत्र का सहारा लेकर उसे ठगने का दुसाहस किया तो वह उसका भूत उतार देंगे।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल थापा वर्षों से तंत्रमंत्र और पूजा-पाठ के नाम पर लोगों का विश्वास जीत रहा था। ज्यादा पैसा कमाने की लालच में उसने ऐसा शातिर तरीका अपनाया कि पहले लोगों के घरों के बाहर रात में जादू-टोने से जुड़ी सामग्री की पोटली फेंक देता था और अगले दिन फोन कर उन्हें अनिष्ट होने का डर दिखाता था। इसके बाद विशेष पूजा और अनुष्ठान के नाम पर मोटी रकम वसूलता था। उन्होंने बताया कि सेलाकुई निवासी महिला ओशीन गुरूंग ने पुलिस को शिकायत दी थी कि आरोपी ने उनके परिवार पर बड़ा संकट आने की बात कहकर घर में विशेष अनुष्ठान कराया। पूजा के दौरान उसने महिला और उसकी मां के सभी आभूषण एक संदूक में रखने को कहा और मौका मिलते ही संदूक से आभूषण निकाल लिए। बाद में संदूक को 62 दिन तक न खोलने की सलाह देकर वह वहां से फरार हो गया।
पुलिस कप्तान ने इस ठग बाबा का सारा खेल बेनकाब करने के लिए खुद रणनीति तैयार की और उसके बाद पुलिस टीमों को इस ठग बाबा को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए तानाबाना बुना गया और आखिरकार कप्तान की सख्ती के चलते उसका सारा भूत खुद प्रमेंद्र डोबाल ने उतार दिया। पुलिस ने तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपी राहुल थापा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने पूरा अपराध कबूल कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर ठगी के आभूषणों को गलाकर तैयार किया गया करीब 150 ग्राम वजन का सोने का बिस्कुटनुमा बार तथा आभूषण बेचकर प्राप्त पांच लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह बरामदगी लगभग तीन महीने पुराने मामले में बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस कप्तान ने बताया कि जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने अमीर शिष्यों और परिचित परिवारों को निशाना बनाता था। वह पहले स्वयं ही जादू-टोने का माहौल तैयार करता और फिर उसका समाधान बताकर लोगों को अपने जाल में फंसा लेता था। पुलिस अब आरोपी के अन्य संभावित पीड़ितों, उसके सहयोगियों और पूर्व में की गई ऐसी घटनाओं की भी जांच कर रही है।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि अंधविश्वास, तंत्र-मंत्र और धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों को ठगने वालों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा और जनता को ठगने वालों को हर हाल में सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। गिरफ्तार आरोपी राहुल थापा निवासी तेलपुरा अटक फार्म सेलाकुई, देहरादून के खिलाफ थाना सेलाकुई में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस शेष आभूषणों की बरामदगी के लिए आरोपी की पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर आगे की पूछताछ की तैयारी कर रही है।

LEAVE A REPLY