नशे के सौदागरों पर डोबाल का ‘वार’

0
9

शिक्षा की भूमि पर नहीं बिकने दूंगा नशा: कप्तान
देहरादून(संवाददाता)।राजधानी दून में नशे के खिलाफ छेड़ी गई मुहिम अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है। पुलिस कप्तान के नेतृत्व में चल रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस लगातार नशा तस्करों पर ताबड़तोड़ प्रहार कर रही है। पुलिस की इस सख्ती ने शहर में सक्रिय नशा कारोबारियों के बीच खौफ का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस कप्तान ने नशे के सौदागरों पर अब बडा वार शुरू कर दिया है और दो टूक अल्टीमेटम दिया है कि शिक्षा की भूमि पर वह नशा नहीं बिकने देंगे।
इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने एक सुनियोजित कार्रवाई करते हुए पटेलनगर क्षेत्र में नशे के सौदागर लवकुश वर्मा (34 वर्ष), निवासी संजय कॉलोनी, देहरादून को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 720 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए हैं, जो शहर में बड़े स्तर पर सप्लाई के लिए लाए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, एएनटीएफ को मुखबिर के माध्यम से सटीक सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति भारी मात्रा में नशीली दवाओं की खेप लेकर लालपुल से सहारनपुर चौक की ओर आने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए टीम ने तत्काल इलाके में घेराबंदी कर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया।
कुछ ही देर में संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त युवक को रोका गया लाशी ली गई और उसके पास से नशीले कैप्सूलों का जखीरा बरामद हुआ। मौके पर ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह इन नशीली दवाओं को पटेलनगर, आईएसबीटी तथा आसपास के शिक्षण संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों और युवाओं को ऊंचे दामों पर बेचने की योजना बना रहा था। पुलिस के मुताबिक यह सिर्फ एक व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि शहर में फैल रहे नशे के संगठित नेटवर्क का संकेत है, जिसकी कड़ियों को अब तेजी से जोड़ा जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार इन दवाओं का गलत इस्तेमाल युवाओं को तेजी से नशे की गिरफ्त में ले जाता है, जिससे सामाजिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना पटेलनगर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायरों और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि प्रमेन्द्र डोबाल की रणनीति के तहत दून पुलिस अब जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है, जहां नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही सख्त कार्रवाई से यह भी संकेत मिल रहे हैं कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे संभव हैं। पुलिस कप्तान की चेतावनी है कि नशे का कारोबार करने वाले अपने इस धंधे को छोड़ दें वरना अगली गिरफ्तारी उनकी होगी और अगली खबर में नाम भी तुम्हारा ही होगा।

LEAVE A REPLY