धुरंधर का धाकड़ कप्तान

0
13

डोबाल के ऑपरेशन क्लीन से मची हलचल
धामी का अपराधमुक्त उत्तराखण्ड साकार करते प्रमेंद्र
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। मुख्यमंत्री ने पदभार संभालने के बाद से ही अपराधियों के खिलाफ बडा ऑपरेशन शुरू कर रखा है और उन्होंने राज्य को अपराधमुक्त करने का वचन राज्यवासियों को दे रखा है। राजधानी में जब ताबडतोड हत्यायें हुई तो जनपद की कमान डोबाल को सौंपी गई और उन्हें राजधानी में ऑपरेशन क्लीन चलाने का खुला संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने पुलिस कप्तान को दो टूक संदेश दे रखा है कि जनपद में एक-एक अपराधी सलाखों के पीछे होना चाहिए और जो अपराधी अपराध करके पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहे हैं उन्हें पाताल से भी खोजकर जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाये। मुख्यमंत्री के आदेश पर जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस कप्तान ने एक बडा ऑपरेशन शुरू कर रखा है और उसके चलते अब जेल से बाहर व जेल के अन्दर बैठे अपराधी पुलिस कप्तान के तल्ख तेवरों को देखते हुए डरे हुये हैं। धुरंधर के राज में अपराधियों का संहार हो रहा है और राजधानी के लोग अब यह कहने से नहीं चूक रहे कि उत्तराखण्ड की सियासत के धुरंधर ने अपराधियों का संहार करने के लिए धाकड़ कप्तान तैनात किया है जो अपराधियों की जन्म कुंडली खंगालकर उन पर हर दिन वार करके उन्हें यह संदेश दे रहा है कि अब जनपद के अन्दर अपराध करने पर उन्हें मिट्टी में मिला दिया जायेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस बात का इल्म था कि प्रमेंद्र डोबाल देहरादून में अपराधियों और माफियाओं पर एक बडी नकेल लगायेंगे क्योंकि उन्होंने हरिद्वार में भी अपराधजगत को तहस-नहस करने के लिए जो मोर्चा संभाला हुआ था उसके चलते सैकडों अपराधियों के पैरों में गोलियां लगी थी और वह यह भीख मांग रहे थे कि अब उत्तराखण्ड के अन्दर वह अपराध नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री के अपराधमुक्त उत्तराखण्ड के विजन को धरातल पर उतारने के लिए जनपद के पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने खुद आगे आकर मोर्चा संभाल लिया है और वह जनपद में होने वाले अपराध के पैर्टन को भांप चुके हैं कि अपराधी किस शैली से जनपद के अन्दर अपराध करते रहे हैं। जनपद देहरादून में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र डोबाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत अपराधियों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा लंबे समय से लंबित और दबे पड़े आपराधिक मामलों की फाइलों को पुनः खोला जा रहा है। विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों और संगठित गिरोहों की गतिविधियों की समीक्षा कर उनके विरुद्ध लक्षित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीमें लगातार दबिश देकर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर रही हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस अभियान के तहत विशेष रूप से नशे के अवैध कारोबार, लूट, चोरी एवं अन्य संगठित अपराधों में संलिप्त तत्वों को चिन्हित कर उनके नेटवर्क को तोड़ने की कार्यवाही की जा रही है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी बढ़ा दी गई है और विभिन्न स्थानों पर सघन चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस कप्तान डोबाल ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराध को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इस कार्रवाई का असर अब जमीन पर दिखने लगा है। पुलिस की सक्रियता के चलते अपराधियों में हड़कंप की स्थिति है और कई आपराधिक तत्वों की गतिविधियों में कमी देखी जा रही है। आमजन में भी सुरक्षा का भाव मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री के ‘अपराध मुक्त देहरादून’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि जनपद में कानून का राज स्थापित किया जा सके।

LEAVE A REPLY