कप्तान के एक्शन से मच रखा तूफान
विकासनगर/देहरादून(मनोज सैनी)। मुख्यमंत्री के अपराधमुक्त उत्तराखण्ड के विजन को धरातल पर उतारने के लिए राजधानी के पुलिस कप्तान ने एक बडा संकल्प लिया हुआ है और उन्होंने दो टूक संदेश दे रखा है कि अगर किसी ने जनपद के अन्दर अपराध करने का दुसाहस किया तो उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पडेगा। पुलिस कप्तान ने अपराधियों और माफियाओं की नाक में नकेल डालने के लिए जो चाबुक अपने हाथ में लिया है उसे देखकर अपराधजगत थरथर कांप रहा है। पुलिस कप्तान के एक माह के कार्यकाल में जहां एक बदमाश मुठभेड में मारा गया तो वहीं कुछ बदमाशों की पुलिस के साथ हुई आमने-सामने की मुठभेड में उन्हें लगी गोलियां यह बताने के लिए काफी हैं कि जनपद के अन्दर अपराध करना अब सबसे बडा गुनाह है। पुलिस कप्तान ने सडकों पर हुडदंग और रेश ड्राईविंग करने वालों पर सख्ती के साथ ऐसा शिकंजा कसा है कि अब रात के अंधेरे में भी कोई सडकों पर अपनी रईसजादापन दिखाने के लिए आगे नहीं आता क्योंकि उन्हें इस बात का भय है कि अगर उन्होंने तेज गति से सडक पर गाडियां दौडाई तो पुलिस कप्तान उनका भूत उतारकर रख देंगे। पुलिस कप्तान ने शहर से लेकर देहात तक में गाडियों में लगी काली फिल्मों को उतरवाने के लिए सख्ती के साथ ऑपरेशन चलवा रखा है और विकासनगर कोतवाल ने तो अपने इलाके में हर उस गाडी पर अपनी रडार लगा रखी है जिसमें काली फिल्म लगी हो। कोतवाल के ऑपरेशन से अब तक दर्जनों रईसजादों में खलबली मच चुकी है कि अब विकासनगर इलाके में वो सबकुछ नहीं चल पायेगा जो पूर्व में चला करता था।
जनपद के पुलिस कप्तान ने गाडियों में काली फिल्म लगाकर सडकों पर पुलिस को चुनौती देने का जो तांडव मचा रखा था उस तांडव को पुलिस कप्तान ने मसल कर रख दिया है और गाडियों में काली फिल्म लगाकर रौब गालिब करने वालों का पुलिस कप्तान ने भूत उतारना शुरू कर दिया है जिससे उन रईसजादों में खलबली मची हुई है जो शहर की सडकों पर काली फिल्म लगाकर अपने आपको सुल्तान समझ रहे हैं।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने जनपद की पुलिस को दो टूक संदेश दे रखा है कि अगर किसी ने भी सडकों पर दौड रही कारों में काली फिल्म लगाई हो तो उनके खिलाफ एक्शन लिया जाये और गाडियों से उनकी काली फिल्म उतारकर उन्हें दो टूक अल्टीमेटम दिया जाये कि भविष्य में ऐसा किया तो उनके खिलाफ सख्त एक्शन किया जायेगा। पुलिस कप्तान के निर्देशों को प्राथमिकता देते हुए विकासनगर पुलिस का “ऑपरेशन प्रहार” अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। कोतवाली विकासनगर के अंतर्गत हरबर्टपुर चौकी क्षेत्र में काली फिल्म लगाकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। चौकी इंचार्ज हरबर्टपुर के नेतृत्व में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस टीम सड़क पर उतरकर संदिग्ध वाहनों की गहन जांच कर रही है। अभियान के तहत काली फिल्म लगी गाड़ियों को रोककर चालान किए जा रहे हैं, जबकि कई वाहनों से मौके पर ही काली फिल्म उतरवाई गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि काली फिल्म लगे वाहन अपराध की घटनाओं में इस्तेमाल होने की आशंका बढ़ाते हैं और आम लोगों की सुरक्षा के लिए खतरा बनते हैं। यही कारण है कि एसएसपी देहरादून के आदेश पर जिलेभर में ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई को प्राथमिकता दी जा रही है।
कोतवाल राजीव रौथान के निर्देशन में चल रही इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप का माहौल है। पुलिस की सख्ती को देखते हुए कई चालक रास्ता बदलते नजर आए। विकासनगर पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी और कानून तोड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने गाडियों में काली फिल्में लगाकर इतराने वाले रईसजादों का सख्ती के साथ भूत उतारना शुरू कर दिया है और दो टूक अल्टीमेटम दिया है कि ऐसा करने वालों को किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जायेगा।
