कप्तान के शिकंजें में गेंबलिंग गिरोह

0
55

डोभाल ने बिछाया जाल, फंस गए ‘शकुनी के लाल’
दिल्ली, यूपी, उत्तराखण्ड के जुआरियों का लगा था मेला
जुए के अड्डे पर छलक रहे थे जाम
ऋषिकेश। जनपद के पुलिस कप्तान ने जहां अपराधियों, माफियाओं की कुंडली खंगालने का ऑपरेशन शुरू कर रखा है वहीं उन्होंने होटलों, फार्म हाउस, गुप्त ठिकानों पर गोवा की तर्ज पर कैसिनो में जुआ खेलने और खिलाने का जो एक बडा शातिराना खेल चल रहा है उस पर अपनी पहले दिन से ही रडार लगा दी थी। कप्तान ने दो टूक अल्टीमेटम दे रखा है कि अगर किसी भी थाना या चौकी क्षेत्र में जुए के अड्डे चलते पाये गये तो एक-एक दरोगा और पुलिसकर्मी पर सख्त एक्शन होगा और उनकी सीआर में भी उन्हें बेड एंट्री दी जायेगी। पुलिस कप्तान को एक गुप्त खबर मिली कि ऋषिकेश के एक होटल में रंगीन अंदाज में बडी जुआ पार्टी चल रही है जिसमें पुरूष और महिलायें भी शामिल हैं और वहां जाम से जाम भी छलक रहे हैं। जुए पार्टी की मिली गुप्त खबर के बाद कप्तान का पारा सातवे आसमान पर आ गया और उन्होंने होटल में एक बडा एक्शन करने के लिए सीओ के नेतृत्व में एक टीम को जुए के अड्डे पर रेड डालने का हुक्म दिया। कप्तान के हुक्म के बाद जब होटल में पुलिस ने छापा मारा तो वहां गोवा के तर्ज पर जुआखाना चल रहा था और जाम से जाम भी छलक रहे थे पुलिस ने इस बडी कार्यवाही में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, ऋषिकेश के चालीस जुआरियों को शिकंजे में लिया और उनके पास से कैसिनो क्वाइन, ताश की गड्डियां और शराब के कई ब्रांड की बोतले बरामद हुई। जुए के इस काले खेल को कौन खिला रहा था इस पर से अभी पर्दा हटना है लेकिन इस जुए के अड्डे पर कम उम्र की लडकियों का पकडा जाना कई सवालों को जन्म दे गया। पुलिस कप्तान ने सख्त रूख अपनाते हुए उस होटल को सीज करा दिया जहां यह जुआखाना चल रहा था तो वहीं आईडीपीएल चौकी के पूरे स्टाफ के घृतराष्ट्र बनने पर उसे निलम्बित कर दिया और इस कार्यवाही से अब जुए के अड्डे व सट्टेबाजों की नींद उड गई है।
पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोभाल ने पदभार संभालने के बाद से ही जनपद को अपराधियों, माफियाओं, सट्टेबाजों और जुए के अड्डे चलाने वालों की नाक में नकेल डालने का खुला अल्टीमेटम दे दिया था और साफ शब्दों में चेतावनी दी थी कि अगर किसी ने अपराध करने का दुसाहस किया तो उन्हें इसका बडा खामियाजा भुगतना पडेगा। पुलिस कप्तान ने अपराधियों, माफियाओं और अवैध धंधे करने वालों की कुंडली बनाने का सिलसिला शुरू कर रखा है। पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोभाल अवैध गतिविधियां करने वालों पर अपनी रडार लगाये हुये हैं और इसी के चलते उन्हें एक गोपनीय सूचना मिली जिसके बाद उन्होंने सीओ ऋषिकेश के नेतृत्व में कोतवाली ऋषिकेश पर गठित पुलिस टीम द्वारा हरिद्वार रोड स्थित होटल नवरंग पर दबिश देने का हुक्म दिया तो पुलिस टीम होटल में दबिश दी तो होटल में चालीस व्यक्ति जुआ खेलते हुए पाये गये और पुलिस ने उन्हें शिकंजे में ले लिया। पुलिस को मौके से 3356 कैसिनो क्वाइन, 26 ताश की गड्डी, रू0 1,37,600 रू0 नगद तथा विभिन्न ब्रान्ड की शराब की बोतले बरामद हुई। घटना के बाद से ही होटल का मालिक फरार चल रहा है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं और पुलिस ने उस होटल को सीज कर दिया है। पुलिस कप्तान ने इलाके में चल रहे जुए के अड्डे पर घृतराष्ट्र बनी आईडीपीएल चौकी के पूरे स्टाफ को सस्पेंड करके सीधा संदेश दे दिया कि जो भी अपराधियों और अवैध धंधे करने वालों पर एक्शन नहीं लेगा उन्हें इसका खामियाजा भुगतना पडेगा। पुलिस के इस एक्शन में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड के चालीस जुआरी पकडे गये। सबसे हैरानी वाली बात यह है कि जुआ खेलने के लिए उनीस, चौबीस, छबीस, तैतीस, बीस, उन्तालिस, तेइस वर्षीय लडकियां भी धर्मनगरी के होटल में आई हुई थी।

LEAVE A REPLY