विधानसभा सत्र में चप्पे-चप्पे पर निगरानी

0
4

स्टाफ रिपोर्टर
चमोली/देहरादून। उत्तराखंड के भराड़ीसैंण में 27 अक्टूबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सत्र के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. निलेश आनंद भरणे तथा आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफि ंग लेकर स्पष्ट निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने विधानसभा परिसर के प्रवेश द्वारों, सुरक्षा बैरियरों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। विधानसभा में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति और वाहन की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जांच होगी। बिना वैध पास और अनुमति के किसी भी व्यक्ति को सुरक्षा घेरे में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सत्र के दौरान संभावित धरना-प्रदर्शन, जुलूस और अन्य गतिविधियों को देखते हुए बैरियरों पर तैनात पुलिस बल को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दें। आम जनता के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने और विशिष्ट व्यक्तियों की सुरक्षा में निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने के भी निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए जारी पदवार विवरण के अनुसार 6 अपर पुलिस अधीक्षक, 2० पुलिस उपाधीक्षक, 54 प्रभारी निरीक्षक एवं थाना प्रभारी, 43 उपनिरीक्षक, 35 महिला उपनिरीक्षक, 52 अपर उपनिरीक्षक, 46० मुख्य आरक्षी एवं आरक्षी, 67 महिला आरक्षी, 26 यातायात पुलिसकर्मी, 153 सशस्त्र पुलिसकर्मी और 12० होमगार्ड तैनात किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पीएसी, एटीएस, एसडीआरएफ, बम निरोधक दस्ता और हॉक टीम के कार्मिक भी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार और अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने भी पुलिस बल को आवश्यक निर्देश दिए।
वहीं आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, एसपी चम्पावत रेखा यादव, एसपी उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय, 46वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक पंकज भट्ट तथा एसपी पिथौरागढ़ प्रह्लाद कोंडे ने वर्चुअल माध्यम से भाग लेकर सुरक्षा तैयारियों और आपसी समन्वय पर चर्चा की। पुलिस प्रशासन के अनुसार विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर सभी संबंधित इकाइयों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। अधिकारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचने और पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्व निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

LEAVE A REPLY