देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड में पुष्कर सिंह धामी की दुबारा मुख्यमंत्री के रूप में हुई ताजपोशी के बाद से ही यह कयासबाजी चल रही थी कि आखिरकार पुष्कर सिंह धामी किस विधानसभा सीट से चुनाव लडेंगे। भाजपा से लेकर कांग्रेस के एक विधायक ने पुष्कर ंिसह धामी के लिए अपना विधायक पद छोडने का प्रस्ताव रखा उससे राज्य के अन्दर असमंजस की स्थिति बनी हुई थी कि आखिरकार किस विधानसभा सीट से चुनाव लडने के लिए आगे आयेंगे। आज आखिरकार उनके उपचुनाव लडने को लेकर चला आ रहा रहस्य खत्म हो गया क्योंकि चम्पावत से भाजपा विधायक कैलाश चंद गहतोडी ने आज विधानसभा अध्यक्ष को अपनी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा सौंप दिया जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया। आज चम्पावत के विधायक कैलाश चंद गहतोडी ने विधानसभा अध्यक्ष रितु खण्डूरी को अपनी विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा सौंपा जिसे विधानसभा अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया। उनके साथ बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री चंदन रामदास, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और कुछ राजनेता मौजूद थे। विधानसभा अध्यक्ष ने पत्रकारों को बताया कि कैलाश चंद गहतोडी का इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है।
