देहरादून(संवाददाता)। लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के विधायक महंत दिलीप रावत ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर वर्ष 2०17, 2०18 से ं 2०21 तक श्रम विभाग में हुई अनियमिताओं की सीबीआई से जांच किये जाने की मांग की है। इससे श्रम विभाग के पूर्व मंत्री रहे हरक सिंह रावत की आने वाले समय में मुसीबतें बढनी लाजमी हैं और उन पर मुसीबतों का पहाड़ टूटेगा ऐसी चर्चाएं राज्य के गलियारों में तेज हो गई हैं।
यहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि श्रम विभाग में अनियमितताओं के संबंध में अवगत कराना है कि वर्ष 2०17, 2०18 से 2०21 तक श्रम विभाग द्वारा श्रमिकों हेतु अनेक कार्यक्रम चलाये गये है और जिसके तहत श्रमिकों को सिलाई मशीनें, साईकिलें, लाईटें, विभिन्न प्रकार के यंत्र एवं श्रमिकों की लड़कियों के विवाह हेतु धनराशि दी गई, परन्तु संज्ञान में आया है कि इनके आवंटन में भारी अनियमितायें हुई है एवं मानकों को ताक पर रखकर आवंटन किया गया है तथा कुछ तथाकथित स्वयंसेवी संस्थाओं को गलत तरीके से पैसा देकर धन की बंदरबांट की गई है एवं वास्तविक श्रमिकों को इन योजनाओं से वंचित रखा गया है। उन्होंने पत्र में कहा है कि जो श्रमिकों के साथ घोर अन्याय है तथा केन्द्र एवं प्रदेश की सरकार के उददेश्यों को इस कृत्य से भारी हानि हुई है और उक्त अनियमितताओं के खिलाफ कई लोग न्यायालय भी जा चुके है। उन्होंने पत्र में कहा है कि उक्त प्रकरणों का संज्ञान लेते हुए इन अनियमितताओं की सीबीआई द्वारा तुरन्त जांच करवाई जाये ताकि श्रमिकों के साथ न्याय हो सके।
