पटाखा फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 9 की मौत, 20 से ज्यादा घायल

0
114

शुक्रवार को तमिलनाडु के विरुधुनगर में एक पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। हादसे में कई लोगों की मौत हो गई तो कई गंभीर रूप से घायल हैं। सत्तुर के पास अचानकुलम स्थित फैक्ट्री में आग के बाद कई धमाके हुए। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई तो 20 से ज्यादा घायल हुए हैं। पीएम मोदी ने घटना पर शोक जताया है।

पुलिस ने बताया कि श्री मरियम्मल पटाखा फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर अचानक आग लग गई जिसके बाद कई विस्फोट हुए। उस समय मजदूर पटाखे की फैंसी वेरायटी बनाने में लगे हुए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रसायनों को संभालने के दौरान घर्षण आग त्रासदी का कारण बना। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतकों के जले हुए शव परिसर में बिखरे हुए पड़े थे।

दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

फैक्ट्री के बाहर धुंए के गुबार के साथ पटाखों के बार-बार फटने की आवाज गूंज रही थी। पटाखों के विस्फोटों की आवाज घटनास्थल के दो किलोमीटर से अधिक की दूरी में सुने जा सकते थे। सत्तूर और शिवकाशी से दमकल घटनास्थल पर पहुंचे और एक दो घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

सभी घायलों को सत्तूर और शिवकाशी सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों में कुछ की हालत बेहद गंभीर है जिसके कारण मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है। जिलाधिकारी आर कन्नन ने संवाददाताओं से कहा कि आग लगने की घटना के संबंध में विस्तृत जांच कराई जाएगी।

पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, तमिलनाडु के विरुधुनगर में पटाखा फैक्ट्री में आग की घटना दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी पीड़ित परिवारों के साथ मेरी संवेदनाएं। जो लोग जख्मी हैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना है। प्रभावितों की मदद के लिए प्राधिकारी काम कर रहे हैं।