भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भरा जोश
धामी के नेतृत्व में एकजुट दिखा संगठन
देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखंड की सियासत में आज भाजपा ने एक बार फिर अपनी ताकत और संगठनात्मक एकजुटता का बड़ा संदेश दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के देहरादून दौरे ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं में नया उत्साह भर दिया। जौलीग्रांट हवाई अड्डे पर उनके पहुंचते ही मुख्यमंत्री ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ और नारों की गूंज ने साफ कर दिया कि पार्टी अब 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत से उतर चुकी है।
जौलीग्रांट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक पूरे कार्यक्रम में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन खुलकर दिखाई दिया। प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर मंत्री, विधायक, संगठन पदाधिकारी और वरिष्ठ भाजपा नेता राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में मौजूद रहे। ऐसा माहौल दिखाई दिया मानो पार्टी ने अभी से चुनावी रणभूमि में उतरने का मन बना लिया हो। भाजपा नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत में पूरी ताकत झोंक दी और प्रदेश कार्यालय पार्टी के नारों और उत्साह से गूंज उठा। राष्ट्रीय अध्यक्ष का मिशन उत्तराखण्ड आना पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को साफ संदेश देना है कि 2027 का चुनाव भाजपा के लिए केवल चुनाव नहीं बल्कि संगठन की ताकत और सरकार के कामकाज की परीक्षा भी होगा। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने, जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का पाठ पार्टी नेताओं को पढायेंगे यह साफ दिखाई दे रहा है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखण्ड आने पर जगह-जगह जिस तरह से स्वागत हुआ वह देखते ही बन रहा था और कहीं न कहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने इस स्वागत से खूब गदगद भी दिखे। राष्ट्रीय अध्यक्ष का मानना है कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है और जब संगठन एकजुट होकर मैदान में उतरता है तो विपक्ष स्वतः कमजोर पड़ जाता है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड में सरकार और संगठन के बेहतर तालमेल ने भाजपा को लगातार मजबूत किया है। पूरे स्वागत में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के चेहरों पर अलग ही उत्साह दिखाई दिया। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की रणनीतिक तैयारी का बड़ा संकेत भी माना जा रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं में यह संदेश साफ तौर पर गया कि पार्टी अब चुनावी मोड में आ चुकी है और संगठन को एकजुट रखते हुए विपक्ष के खिलाफ आक्रामक रणनीति तैयार की जा रही है। देहरादून में आज जो तस्वीर दिखाई दी, उसने यह स्पष्ट कर दिया कि भाजपा आने वाले चुनाव में फिर से सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत झोंकने की तैयारी में है।
