प्रोपर्टी के लालच में कत्ल की दास्तां

0
13

देहरादून(संवाददाता)। एक साल पुराने राजपुर हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा करते हुए दून पुलिस ने फरार चल रही पच्चीस हजार रुपये के ईनामी सुपारी किलर हुमेरा उर्फ जोया को सहारनपुर से गिरफ्तार कर उसे सलाखों के पीछे पहुंचा दिया गया है वहीं इस मामले में सबसे चौंकाने वाला पहलू यह सामने आया कि प्रॉपर्टी के लालच में सगे भाई ने ही अपने भाई की हत्या की सुपारी दे दी और इस खौफनाक साजिश को अंजाम देने के लिए शार्प शूटर और उसकी प्रेमिका शामिल थी जिसे राजपुर थाना प्रभारी ने अपनी टीम के साथ उसे उसके गंगोह स्थित सहारनपुर आवास से गिरफ्तार कर लिया जबकि हत्याकांड का मास्टरमाइंड अभी भी फरार है। पुलिस कप्तान ने साफ कहा कि हत्याकांड के मास्टरमाइंड को पाताल से भी खोज निकालेंगेे।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए बताया कि घटना 26 मई 2०25 की है, जब जीएमएस रोड निवासी जतिन कुमार ने थाना राजपुर में तहरीर देकर बताया कि उनके ममेरे भाई अजय भटेजा की जाखन स्थित घर में हत्या कर दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई और सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 19 मई 2०26 को पुलिस ने मुजफ्फरनगर निवासी शातिर अपराधी राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया, जिसने पूछताछ में खुलासा किया कि मृतक के भाई अमित भटेजा ने प्रॉपर्टी विवाद के चलते अपने ही भाई की हत्या की सुपारी दी थी और इसके बदले जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया गया था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि राजन ने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया को भी इस साजिश में शामिल किया। योजना के तहत 25 मई 2०25 को सभी आरोपी देहरादून पहुंचे और बहाने से मृतक के घर में रुके। पहले मृतक को शराब पिलाकर उससे प्रॉपर्टी के कागजात लेने की कोशिश की गई, लेकिन जब अजय भटेजा ने इनकार किया तो राजन ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसकी छाती पर चढ़कर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपियों ने इस वारदात को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो पाए। इसके बाद कमरे की सफाई कर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई और सीसीटीवी डीवीआर व जरूरी कागजात अपने साथ ले गए। वारदात के बाद अभियुक्ता जोया, राजन के साथ सहारनपुर भाग गई थी।
पुलिस ने लगातार प्रयास करते हुए 23 मई 2०26 को सहारनपुर से हुमेरा उर्फ जोया पुत्री पप्पू निवासी खालापार, मुजफ्फरनगर को सहारनपुर गगोह के दौलतपुर गांव से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी अमित भटेजा अभी भी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस कार्रवाई में थाना राजपुर के थानाध्यक्ष पी०डी० भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत, उ०नि० अनित कुमार, म०उ०नि० सीमा चौहान, कानि० विशाल कुमार सहित एसओजी टीम के कानि० विपिन कुमार, कानि० अमित और कानि० आशीष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY