राजधानी की सडकों पर दिखेगा कानून का राज
काली फिल्म और ‘थार’ की रफ्तार पर प्रहार
देहरादून/विकासनगर(संवाददाता)। राजधानी के पुलिस कप्तान ने जनपद के अन्दर कानून का राज कायम करने के लिए खुद मोर्चा संभाल रखा है और उन्होंने सडकों पर थार दौडाने वाले रईसजादो और गाडी में काली फिल्म लगाकर अपनी दबंगई दिखाने वालों को अपनी रडार पर ले लिया है। पुलिस कप्तान ने सडकों पर स्टाइल का खेल दिखाने वालों को दो टूक अल्टीमेटम दे दिया है कि अगर उन्होंने सडकों पर हुडदंग या राह चलते किसी व्यक्ति को दबंगई दिखाने का दुसाहस किया तो उसे कानून का पाठ उस अंदाज में पढाया जायेगा जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की होगी। राजधानी की सडकों पर कप्तान ने कानून का राज कायम करने के लिए चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया हुआ है और शहर से लेकर देहात तक में सडकों पर काली फिल्म लगाकर गाडियां दौडाने वालों को पुलिस आईना दिखा रही है तो वहीं तेज रफ्तार में थार चलाकर आवाम को अपनी स्टाइल दिखाने वालों को भी पुलिस ने अपने शिकंजे में लेने का जो दौर शुरू कर रखा है उससे अब सडकों पर स्टंट, हुडदंग और यातायात नियमों की धज्जियां उडाने वालों के मन में खाकी का डर खुलकर देखने को मिल रहा है।
राजधानी के पुलिस कप्तान प्रमेंद्र डोबाल ने शहर और देहात की नब्ज टटोलने के बाद अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जहां उन्होंने एक बडा चक्रव्यूह तैयार किया है वहीं वह सडकों पर हुडदंग और स्टाइल दिखाने वाले वाहन चालकों को भी यह आईना दिखाने के मिशन में आगे बढे हुये हैं कि अब राजधानी की सडकों पर दिन हो या रात कानून का राज ही नजर आयेगा। पुलिस कप्तान ने सडकों पर हीरो बनने वालों को साफ संदेश दे दिया है कि वह अब संभल जायें क्योंकि पुलिस अब एक्शन मोड में है। पुलिस कप्तान के सख्त रूख के चलते सडकों पर स्टाइल दिखाने वालों पर खुलकर शिकंजा कसा जा रहा है। काली थार हो या तेज रफ्तार का नशा, पुलिस कप्तान ने साफ कर दिया कि अब सडक पर सिर्फ कानून का राज चलेगा। पुलिस कप्तान ने राजधानी में आवाम को सुरक्षा का भाव देने के लिए हुडदंगियों को संदेश दिया है कि उनके इस अल्टीमेटम को वह आखिरी चेतावनी समझ लें क्योंकि अब अगर उन्होंने सडकों पर किसी को भी अपनी दबंगई दिखाई तो गाडी की जायेगी और अकड भी।
उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी के ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने देर रात सड़कों पर उतरकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चला रखा है। विकासनगर में वरिष्ठ उपनिरीक्षक शिशुपाल सिंह राणा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में काली फिल्म लगाकर चलने वाले वाहन चालकों और नशे में ड्राइविंग करने वालों को सीधे निशाने पर लिया गया। चैकिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चला रहे दो चालकों को मौके से गिरफ्तार कर उनके वाहन सीज कर दिए गए, वहीं यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी कड़ा शिकंजा कसा गया। वहीं शहर में एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने देर रात्र सडकों पर तेज रफ्तार से चलने वाली गाडियों पर अपना शिकंजा कसा और थार पर उनकी पैनी निगाह रही तो वहीं काले शीशे वाली गाडियों पर भी उनकी नजर लगी रही। शहर व देहात में सडकों पर अमन-चैन कायम करने के लिए पुलिस कप्तान ने जो दिलेरी दिखाई है उससे आम जनमानस को अब सडकों पर सुरक्षा का भाव नजर आ रहा है।
