बाबा केदारनाथ के कपाट छह मई को खुलेंगे

0
204

चंद्र प्रकाश बुड़ाकोटी
उखीमठ। विश्व प्रसिद्ध भगवान केदारनाथ धाम के कपाट छह मई को सुबह छह बजकर पच्चीस मिनट पर भक्तों के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में आचार्य,वेदपाठी और हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में महाशिवरात्रि पर्व पर यह शुभ मुहूर्त निकाला गया। परम्परा के अनुसार महाशिवरात्रि के मौके पर हर साल पंचकेदार गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में भगवान केदारनाथ धाम के कपाट खुलने का दिन निकाला जाता है। इसी परम्परा के चलते मंगलवार सुबह मंदिर में पूजा अर्चना के बाद पंचाग पूजा की गई।
कपाट खोलने के लिए ऊखीमठ में भगवान भैरवनाथ की पूजा: एक मई को होगी। दो मई को बाबा केदार की चल विग्रह डोली पहले ऊखीमठ से प्रस्थान कर तीन मई को फाटा विश्राम के लिए पहुंचेगी। जबकि चार मई को को गौरीकुंड और पांच मई को केदारनाथ धाम पहुंचेगी,जहां छह मई को सुबह छह बजकर पच्चीस मिनट पर भगवान केदारनाथ मंदिर के कपाट खोल दिए जाएंगे। भैरव नाथ जी के कपाट सात मई को खोले जाएंगे ततपश्चात बाबा केदार की विधिवत पूजा केदार नाथ में प्रारम्भ होगी। वहीं मंदिर में हवन यज्ञ,भजन कीर्तन और स्कूली बच्चों द्वारा धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, विधायक मनोज रावत,अधिशासी अभियंता अनिल ध्यानी, राकेश सेमवाल, मीडिया प्रभारी हरीश गौड़, श्रीनिवास पोस्ती, पूर्व कार्यधिकारी अनिल शर्मा, गणेश पंवार, बिश्वमोहन जमलोकी, राकेश थपलियाल, राजकुमार नौटियाल, हर्षवर्धन बेंजवाल, गिरीश देवली सहित सैकड़ो श्रद्धालु इस पल के साक्षी बने। उत्तराखंड के चारों धामों में से बदरीनाथ धाम के कपाट खोलने की तारीख तय हो चुकी है। चमोली जिले स्थित बदरीनाथ धाम के कपाट आठ मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे।
धाम के कपाट विधि-विधान के साथ प्रात: छह बजकर पंद्रह मिनट पर खोले जाएंगे। बता दें कि बसंत पंचमी के अवसर पर नरेन्द्रनगर राजदरवार में आयोजित समारोह में बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने की तिथि तय हुई है। जबकि,गंगोत्री और यमुनोत्री के कपाट हर वर्ष अक्षय तृतीया के दिन खुलते हैं।

LEAVE A REPLY