नशामुक्त पंजाब यात्रा में गरजे धामी

0
15

नशे पर वार से गरमाई सियासत
पुष्कर ने नशे पर आप को खूब ललकारा
होशियारपुर/मुकेरियां। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पंजाब की सियासी जमीन पर उतरे तो उनके निशाने पर नशे का मुद्दा और आम आदमी पार्टी सरकार रही। भारतीय जनता पार्टी की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ में शामिल होने पहुंचे धामी ने मुकेरियां में ट्रैक्टर पर सवार होकर रोड शो किया और दसूहा समेत क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रमों के जरिए नशे के खिलाफ अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश और पंजाब को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेकर आए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से नशे के खिलाफ इस अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। धामी ने पंजाब की आप सरकार पर तीखा राजनीतिक हमला करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले आम आदमी पार्टी ने नशे के खिलाफ बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकार बनने के बाद उन वादों के अनुरूप परिणाम नहीं आए। उन्होंने पंजाब के युवाओं में नशे की समस्या का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार की नीति और कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की नशा-विरोधी कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में नशीले पदार्थों के नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने पंजाब में भी नशे के खिलाफ सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर व्यापक अभियान की जरूरत बताई।
पंजाब में नशे के मुद्दे को लेकर भाजपा और सत्तारूढ़ आप के बीच पहले से आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। आप नेतृत्व भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए अपनी सरकार के ‘युद्ध नशेयां विरुद्ध’ अभियान और नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई का हवाला देता रहा है। ऐसे में भाजपा की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ ने इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोम प्रकाश, विधायक जंगी लाल महाजन, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव मिन्हास समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पंजाब में धामी का यह दौरा केवल एक जनसभा तक सीमित नहीं रहा। रोड शो से लेकर मंच तक नशे का मुद्दा केंद्र में रहा और मुख्यमंत्री ने आप सरकार से उसके पुराने वादों पर जवाब मांगा। अब पंजाब में नशे को लेकर भाजपा और आप के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया है।

LEAVE A REPLY