शूटर को बिल से खींच लाई एसटीएफ

0
43

धुरंधर का रंग ला रहा ऑपरेशन प्रहार
कप्तान अजय ने कुख्यातों के लिए बिछा रखा जाल
हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी
शूटरों को चार लाख रूपये की दी गई थी सुपारी
देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड के धुरंधर सीएम ने अपराधियों के खिलाफ एक बडी दहाड़ लगाते हुए राज्यभर में उनके खिलाफ ऑपरेशन प्रहार का आगाज किया हुआ है। उधमसिंहनगर के रूद्रपुर क्षेत्र में भाजपा समर्पित पार्षद की गोलियों से भूनकर हत्या करने वाले पच्चीस हजार के कुख्यात शूटर को एसटीएफ की टीम ने दबोच लिया जिसके विरूद्व मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व उत्तराखण्ड में एक दर्जन से ज्यादा अपराधिक मुकदमें कायम हैं। पुलिस कप्तान ने कुख्यातों को सलाखों के पीछे पहुंचाने के लिए बडा जाल बिछा रखा है और उसी के चलते एसटीएफ की टीम ने पार्षद के हत्यारे शूटर को आखिरकार बिल से निकालकर उसे यह आईना दिखा दिया कि उत्तराखण्ड मंे अपराध करना अब एक सपना ही रहेगा।
पुलिस कप्तान अजय सिंह ने शूटर को दबोचने की जानकारी देते हुए बताया कि पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड उत्तराखण्ड के चर्चित जघन्य अपराधों में से एक था, जिसमें शामिल आरोपी पिछले लंबे समय से फरार चल रहा था और लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। उन्होंने बताया कि इस फरार इनामी अपराधी की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ द्वारा विशेष रणनीति बनाकर तकनीकी सर्विलांस, मानव स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं तथा भौतिक साक्ष्यों का लगातार विश्लेषण किया जा रहा था। पिछले लगभग एक माह से एसटीएफ की टीम इस आरोपी की गतिविधियों पर लगातार निगरानी बनाए हुए थी।
अजय सिंह ने बताया कि आज प्रातः तड़के विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि उक्त इनामी शूटर रुद्रपुर क्षेत्र में मौजूद है, जिस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एसटीएफ टीम एवं कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में सघन घेराबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।सटीक रणनीति और त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप पुलिस टीम ने इनामी आरोपी रिंकू शर्मा उर्फ पंडित को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2020 में हुए पार्षद प्रकाश धामी हत्याकांड में यह आरोपी एक पेशेवर शूटर के रूप में शामिल था, जिसे साजिश के तहत सुपारी देकर हत्या में शामिल किया गया था। गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध म0प्र0, उ0प्र0 व उत्तराखण्ड में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, डकैती , रंगदारी-वसूली व गैंगस्टर के करीब एक दर्जन अभियोग पंजीकृत हैं। पुलिस कप्तान एसटीएफ ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार अभियान के अंतर्गत जघन्य अपराधों में वांछित एवं फरार इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एसटीएफ लगातार सक्रिय रूप से कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस कप्तान ने बताया कि जांच में यह तथ्य सामने आया कि यह हत्या राजनीतिक रंजिश एवं क्षेत्रीय वर्चस्व की लड़ाई का परिणाम थी। हत्या को अंजाम देने के लिए मध्य प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के पेशेवर शूटरों को लगभग चार लाख की सुपारी दी गई थी। इस प्रकरण में पुलिस द्वारा सात आरोपियों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई थी। पुलिस अब तक सात में से छह आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी, जबकि रिंकू शर्मा उर्फ पंडित घटना के बाद से ही फरार था।
गौरतलब है कि 12 अक्टूबर 2020 को उत्तराखण्ड के रुद्रपुर क्षेत्र के भदईपुरा वार्ड नंबर 13 में भाजपा समर्थित पार्षद प्रकाश सिंह धामी की उनके घर के बाहर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के अनुसार सुबह लगभग नौ बजे एक आई-10 कार में सवार बदमाश भदईपुरा पहुंचे। एक युवक ने पार्षद धामी को घर से बाहर बुलाया और बातचीत में उलझा लिया। इसी दौरान कार में सवार अन्य बदमाश मौके पर पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों की गोलियां धामी के सिर, गले और सीने में लगीं। गंभीर रूप से घायल पार्षद ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने उनका पीछा कर उनकी हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।

LEAVE A REPLY