चप्पे-चप्पे पर स्वरूप ने संभाला मोर्चा
न हुडदंग, न तेज दौड़ती गाड़ियां और शांति से मना नया साल
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। आईजी गढवाल ने राजधानी में होने वाले समारोह और कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए रात में खुद मोर्चा संभाला और वह शहर के चप्पे-चप्पे पर अपनी निगाहें जमाकर रखी। उत्तराखण्ड वासियों और यहां आने वाले सैलानियों का न्यू ईयर फंक्शन शानदार मने इसके लिए आईजी खुद ही एक्शन में नजर आए। उत्तराखण्ड के हर जनपद की पुलिस से आईजी स्वयं संपर्क साधे हुए थे और हर शहर की अपडेट ले रहे थे। कुछ असामजिक तत्वों ने हुड़दंग मचाने की चेष्ठा भी की तो उनको नानी याद दिलाने का काम आईजी गढ़वाल की दमदार पुलिस ने बखूबी निभाया। नववर्ष की पूर्व संध्या पर शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर आई गढ़वाल की पुलिस ने खूब सख्ती की और ड्रिंक एंड ड्राइव के तहत राजधानी देहरादून में 78, हरिद्वार में 48, पौड़ी में 26 और टिहरी जनपद में 5 वाहन चालकों के चालान काटे। एक लंबे अर्से के बाद नववर्ष के अवसर पर पुलिस एक्टिव मोड में दिखाई दी और इसका श्रेय आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप को जाता है।