आपदा की तबाही देखने आई टीम
केन्द्र से आये सात सदस्य परखेंगे आपदा का दर्द
देहरादून। उत्तराखण्ड में आई आपदा ने सरकार को हिलाकर रख दिया है और कई जनपद आपदा की चपेट में आकर जिस तरह से बर्बादी की कगार पर आकर खडे हुये हैं उसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने दिल्ली में देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री को उत्तराखण्ड में आई आपदा की सारी तस्वीर दिखाकर बताया था कि किस तरह से इस बार आई आपदा में उत्तराखण्ड के अन्दर बडी तबाही मची है। मुख्यमंत्री ने जहां उत्तराखण्ड में आई इस तबाही को लेकर केन्द्र सरकार से बडी आपदा राशि की मांग की है तो वहीं कांग्रेस ने भी इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित किये जाने की मांग की है। आपदा सचिव ने केन्द्र को प्रस्ताव भेजा था कि उत्तराखण्ड में आई आपदा में कितनी हानि हुई है और उसके आंकलन के लिए एक टीम को उत्तराखण्ड बुलाने की मांग की थी जिससे कि वह राज्य में आई आपदा का आंकलन करके उत्तराखण्ड सरकार को बडी आर्थिक सहायता देने की अपनी संस्तुति करें। आज अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम दून पहुंची और यह टीम अब उत्तराखण्ड के हर उस जिले का भ्रमण करेगी जहां आपदा से बडी तबाही मची है।
उत्तराखंड आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन कहते हैं, केंद्रीय टीम के सात लोग यहां आए हैं और उनके द्वारा मांगी गई जानकारी दे दी गई है और मेरी तरफ से एक प्रेजेंटेशन दिया गया। उन्हें पूरे राज्य की स्थिति से अवगत कराया गया है। टीमों को दो भागों में बांटा गया है। एक टीम उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पौड़ी जाएगी। दूसरी टीम चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जाएगी। हम कल रात तक लौट आएंगे और उसके बाद परसों मुख्य सचिव के सामने विस्तार से एक प्रेजेंटेशन होगा, जिसमें विभाग अपने-अपने क्षेत्रों में हुए नुकसान और क्षति पर चर्चा करेंगे और उसके बाद हम आगे की कार्रवाई करेंगे।
उल्लेखनीय है कि उत्तराखण्ड के गढवाल व कुमांऊ में जब आपदा से तबाही मची तो वहां का मंजर देखकर हर कोई दहल गया था और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा के इस दर्द को खुद महसूस किया था और उन्होंने आनन-फानन में आपदा पीडितों को पांच-पांच लाख रूपये की मद्द देने का ऐलान करके उनके दर्द पर मरहम लगाया था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखण्ड मे आई बडी आपदा का सच देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह को बताया था और आपदा पीडितों का पुर्नवास करने के लिए सरकार को एक बडी मदद की आस है। देश के प्रधानमंत्री और गृहमंत्री ने मुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया था कि इस आपदा की धडी में केन्द्र सरकार उनके साथ खडी है और इस आपदा का सारा सच जानने के बाद केन्द्र सरकार जल्द आर्थिक सहायता देने का ऐलान करेगी। वहीं आज अंतर मंत्रालय केंद्रीय टीम उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर व नैनीताल का भ्रमण करेगी। इस टीम का नेतृत्व आर. प्रसना, संयुक्त सचिव गृह मंत्रालय कर रहे हैं। टीम के साथ अन्य छह सदस्य भी रहेंगे, जिनमें अनु सचिव शेर बहादुर, अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार, उप निदेशक विकास सचान, मुख्य अभियंता पंकज सिंह, निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह शामिल हैं।

