देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड में पंचायत चुनाव को पारदर्शी और स्वच्छता के साथ कराने के लिए मुख्यमंत्री ने लम्बे अर्से से महामंथन कर रखा था और उन्होंने सभी अफसरों को दो टूक संदेश दिया हुआ था कि गांव की सरकार बनाने को हो रहे चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न होने चाहिए। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद बारह जिलों के डीएम व पुलिस कप्तानों ने गांव की सरकार चुनने के लिए होने वाले चुनाव को लेकर अपना खाका तैयार कर लिया था और आज जब गांव की सरकार बनाने के लिए पोलिंग बूथों पर जनता का उत्साह उमड़ता देखा गया तो आम जनमानस यह कहने से भी नहीं चूका कि यही है पुष्कर का ‘जलवाÓ। मुख्यमंत्री ने चुनाव से कुछ घंटे पूर्व मतदाताओं से अपील की थी कि वह ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान करें और गांव की सरकार को मजबूत बनाने के लिए आगे आयें। मुख्यमंत्री ने खटीमा में अपनी माता के साथ पोलिंग बूथ पर जाकर अपना मतदान किया और उन्होंने विश्वास जताया कि डबल इंजन की सरकार के विकास कार्यों पर गांव की जनता भाजपा को जिताने के लिए आगे रहेगी क्योंकि उसे गांव-गांव में विकास की गंगा बहती हुई देखनी है। सभी जनपदों में गांव की सरकार चुनने के लिए जनता का हुजूम पोलिंग बूथों पर एक उमंग के साथ उमड़ा हुआ था और उन्हें विश्वास है कि इस चुनाव के बाद गांव-गांव की तकदीर और तस्वीर दोनो बदल जायेंगी।
उत्तराखण्ड में एक लम्बे अर्से से पंचायत चुनाव कराये जाने को लेकर उथल-पूथल मची हुई थी और कांग्रेस लगातार यही आरोप लगा रही थी कि सरकार पंचायत चुनाव टालने का काम कर रही है। हालांकि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बार-बार यही ऐलान किया कि सरकार पंचायत चुनाव कराने के लिए तैयार है और वह चुनाव टालने के पक्ष में नहीं है। मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी ने साफ कहा था कि राज्य के अन्दर गांव की सरकार बननी चाहिए जिससे कि गांव-गांव में विकास की धारा तेजी के साथ बहती चली जाये और वहां रहने वाले ग्रामीणों को डबल इंजन सरकार का विकास दिखता रहे। आज हर जिले में गांव की सरकार बनाने के लिए जो जोश पोलिंग बूथों पर देखने को मिल रहा था उसका सारा श्रेय मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी को ही जा रहा था कि उन्होंने हर जनपद में संदेश दिया कि गांव की सरकार को मजबूती देने के लिए सभी मतदान करने के लिए आगे आयें और यही कारण है कि पोलिंग बूथों पर मतदाताओं का सैलाब सुबह से ही दिखाई दे रहा था। मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी ने आज अपनी माता बिशना देवी के साथ राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय नगला तराई, उधमसिंहनगर में बूथ नम्बर तीन पर लाइन में लगकर अपना मतदान किया। मुख्यमंत्री ने सभी ग्रामीण मतदाताओं से त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उत्साहपूर्वक मतदान करने की अपील भी की। उन्होंने साफ कहा कि प्रत्येक मतदाता का एक-एक वोट राज्य में पंचायतों को मजबूत करने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी को विश्वास है कि बारह जिलों में हो रहे पंचायत चुनाव में भाजपा विजय का पताका फहरायेगी क्योंकि राज्य में पिछले चार सालों से हो रहे विकास को लेकर वह आश्वस्त है कि भाजपा राज में ही गांव की सरकार दुर्गम से दुर्गम गांव में विकास का एक नया उजाला करेगी।

