स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत:धामी

0
103

देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखण्ड की कमान संभालने के बाद से ही मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई उडान भरने का संकल्प लेकर राज्यवासियों को खुला संदेश दिया था कि सरकारी अस्पतालों में उन्हें निशुल्क बेहतर इलाज मिलेगा और उसी के चलते उन्होंने अपने स्वास्थ्य सचिव को मैदान में उतार रखा है जो सरकारी अस्पतालों की दशा सुधारने का मास्टर स्ट्रोक खेल चुके हैं। उत्तराखण्ड के सरकारी अस्पतालों में आज मरीजों को निशुल्क बेहतर इलाज मिल रहा है और उसके चलते आम जनमानस में सरकार के सरकारी अस्पतालों में मिलने वाले इलाज को लेकर एक विश्वास जाग चुका है कि अब सरकारी अस्पताल प्राइवेट अस्पतालों की तर्ज पर इलाज कर रहे हैं। अब मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य क्षेत्र में एक बडा मास्टर स्ट्रोक लगाकर दो मेडिकल कॉलेजों में मरीजों के तीमारदारों को सस्ता विश्राम गृह का गिफ्ट देकर उनकी बल्ले-बल्ले कर दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में सचिवालय में राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं सेवादान आरोग्य संस्था के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। यह एम.ओ.यू. राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं देहरादून में तीमारदारों के लिए विश्राम गृह निर्माण कार्य से संबंधित है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इन मेडिकल कॉलेजों में तीमारदारों के लिए विश्राम गृह बनने से बड़ी सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि भर्ती मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को रात्रि विश्राम एवं ठहरने की समस्या का समाधान मिलेगा। मुख्यमंत्री ने सेवादान आरोग्य संस्था से किच्छा स्थित एम्स सैटेलाइट सेंटर में भी यह व्यवस्था करने की बात कही और जिस पर संस्था ने सहमति व्यक्त की। इस एम.ओ.यू. के तहत सेवादान आरोग्य फाउंडेशन, राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी एवं देहरादून में तीमारदारों के लिए विश्राम गृहों का निर्माण करेगा। दोनों मेडिकल कॉलेजों में 35० बिस्तरों की क्षमता वाले विश्राम गृहों का निर्माण प्रस्तावित है। इस अवसर पर बताया गया कि इन विश्राम गृहों (रैन बसेरों) में रात्रि विश्राम के लिए शयनागार में रूपये 55 प्रति बिस्तर तथा दो बिस्तरों वाले कमरे रूपये 3०० प्रति कक्ष की दर से उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, नाश्ता रूपये बीस तथा भोजन रूपये पैंतीस की सस्ती दरों पर उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर बताया गया कि इन विश्राम गृहों का संचालन एवं रखरखाव सेवादान आरोग्य फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर बताया गया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज देहरादून द्वारा 175० वर्गमीटर एवं राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी द्वारा 14०० वर्गमीटर भूमि विश्राम गृहों के निर्माण के लिए प्रदान की जाएगी और यह एमओयू आगामी बीस वर्षों के लिए वैध रहेगा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत, सचिव स्वास्थ्य डॉक्टर आर राजेश कुमार, सचिव विनय शंकर पाण्डेय, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉक्टर आशुतोष सयाना तथा सेवादान आरोग्य संस्था से अभिषेक सक्सेना, आनंद सिंह बिसेन एवं अमित दास उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY