पंचायत चुनाव में शानदार अंदाज में हुआ मतदान

0
121

देहरादून(संवाददाता)। मुख्यमंत्री ने शांति से पंचायत चुनाव सम्पन्न कराने का दो टूक संदेश अफसरशाही को दिया हुआ था और उसी के चलते सभी डीएम और पुलिस कप्तानों ने चुनाव को शांति के साथ कराने के लिए खुद मोर्चा संभाला हुआ था। बडे-बडे अफसर भी खुद चुनाव पर अपनी नजर बनाये हुये थे और वह बूथों पर भी डेरा डाले हुये थे कि शांति के साथ चुनाव हों। वहीं मुख्यमंत्री ने सुबह ही मतदाताओं को ज्यादा से ज्यादा मतदान करने का संदेश दिया हुआ था जिससे कि गांव की सरकार एक मजबूती के साथ बनती हुई नजर आये। सुबह से शुरू हुये बारह जिलों में पंचायत चुनाव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात था और ऐसा चक्रव्यूह बनाया गया था कि कोई भी चुनाव के अन्दर अपने नापाक इरादे पेश न कर पाये। सभी जनपदों में हुये चुनाव के दौरान न तो कहीं कोई हल्ला मचा और न ही मतदान को लेकर कोई बवाल हुआ और शांति के साथ हुये मतदान ने यह साबित कर दिया कि आवाम के मन में गांव की सरकार चुनने को लेकर एक बडा जज्बा था जिसके चलते वह खामोशी के साथ चुनाव में मतदान करते हुए आगे बढ़े। वहीं बाबा की नगरी में भी पंचायत चुनाव को शांति के साथ सम्पन्न कराने के लिए डीएम और पुलिस कप्तान ने सुबह से ही मोर्चा संभाल रखा था और वह पोलिंग बूथों पर जाकर वहां का जायजा ले रहे थे और यही संदेश दे रहे थे कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराये जायेंगे।
डीएम और कप्तान ने चुनाव में संभाला मोर्चा
रुद्रप्रयाग(संवाददाता)। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हेतु जनपद के सभी 459 पोलिंग बूथों पर आज प्रात: काल आठ बजे से मतदान प्रक्रिया सुचारु एवं शान्तिपूर्ण ढंग से चल रही है। मतदान प्रक्रिया का जिलाधिकारीध्जिला निर्वाचन अधिकारी (पं.) प्रतीक जैन एवं पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग अक्षय प्रल्हाद कोंडे ने निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया में लगे कार्मिकों व सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं। जनपद के सभी पोलिंग बूथों पर मतदान शान्तिपूर्वक चल रहा है तथा मतदाता पूर्ण जोश के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
डीएम और पुलिस कप्तान ने प्राथमिक विद्यालय गांधीपुर में चल रहे मतदान को लेकर पोलिंग बूथ का जायजा लिया। इसके अतिरिक्त दोनों अधिकारियों द्वारा शिवनंदी, गडोरा, घोलतीर मे चल रहे मतदान की प्रक्रिया का जायजा लेकर मतदान प्रक्रिया में लगे कार्मिकों व सुरक्षा बलों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रखे थे कि चुनाव में किसी भी प्रकार की कोई गडबडी न हो।
डीएम पुलिस कप्तान ने चुनाव में संभाला मोर्चा
कोटद्वार, पौड़ी(संवाददाता)। जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती स्वाति एस. भदौरिया ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के साथ विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान प्रक्रिया की निगरानी की एवं उपस्थित अधिकारियों व कार्मिकों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने के साथ ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने विकास खण्ड एकेश्वर के पोलिंग बूथ राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पाटीसैंण, राजकीय प्राथमिक विद्यालय अमोठा, राजकीय इंटर कॉलेज मेटाकुंड, प्राथमिक विद्यालय बौसालधार और मलेठी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए मतदान केंद्रों पर आवश्यक मूलभूत सुविधाएं जैसे पेयजल, रैम्प, शौचालय एवं शेड का जायजा लिया ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांग मतदाताओं और महिलाओं की सुविधा का ध्यान रखने के निर्देश दिए।उन्होंने बूथों में तैनात कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों से जानकारी लेते हुए निर्देश दिये कि मतदान केंद्र और आसपास के क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता का सखघ््ती से पालन करवाया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी अवान्छित व्यक्ति मतदान केंद्र में प्रवेश न करे। जिलाधिकारी ने मतदान कार्मिकों को मतदान कार्य को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र का पर्व है और इसमें सभी की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। इस दौरान तहसीलदार चौबट्टाखाल करिश्मा जोशी, विकास खण्ड अधिकारी एकेश्वर नरेश चंद्र सुयाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY