देहरादून(नगर संवाददाता)। प्रदेश में मानसून के चलते राजधानी के आसपास के स्थानों पर लगातार हो रही मूसलाधार बारिश आफत लेकर आई है और सड़कें जलमग्न हो गई है और प्रदेश में कई मार्ग बंद होने से आवाजाही मुश्किल हो गई है और देर रात से व सुबह हुई बारिश के चलते शहर और देहात के कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। वहीं आईएसबीटी, चन्द्रमनी चोयला, अलंकृता विहार बडोवाला सहित अन्य स्थानों पर जलभराव होने से लोगों को सामान खराब हो गया और यहां तक गाडियां तक पानी में डूब गई।
यहां राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में देर रात्रि व सुबह से हो रही मुसलाधार बारिश के चलते रिस्पना व बिन्दाल नदी उफान पर रही और सड़के पूरी तरह से जलमग्न होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पडा और इतना ही नहीं की स्मार्ट सिटी के नाम पर खोदी गई नालियों का कार्य पूर्ण न होने व निकासी न होने के कारण सारा पानी सड़कों पर आ गया। बारिश के पानी की कहीं भी कोई निकासी नहीं की गई है, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
इस दौरान राजधानी के प्रमुख चौराहों सहित अन्य स्थानों पर जल भराव की स्थिति रही और दर्शन लाल चौक, सुभाष रोड, ग्लोब चौक, एस्ले हॉल, प्रिंस चौक, कनक चौक, घंटाघर, सर्वे चौक, सहारनपुर रोड चौक, बल्लीवाला चौक, कांवल रोड, हाथीबडकला, कालीदास रोड, नेशविला रोड, सुभाष रोड सहित अन्य स्थानों पर यही जलभराव की स्थिति रही, जिससे राहगीरों व पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पडा। इस दौरान बारिश के चलते जहां पर सड़कों गढढामुक्त बनाने के लिए पैचवर्क किये गये कार्य की पोल खुल गई और सड़कों पर गड्ढे ही गड्ढे दिखाई दे रहे है जो वाहन चालकों के लिए मुसीबत बने हुए है और कई वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त भी हो चुके है।
वहीं दूसरी ओर राजधानी के कई क्षेत्रों में बारिश का पानी लोगों के घरों में घुस गया। वहीं दूसरी ओर मौसम निदेशक विक्रम सिंह ने अलर्ट जारी किया है और कहा है कि देहरादून और उसके आस पास के क्षेत्र में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है और उन्होंने आम जनता को सावधान रहने की हिदायत दी है।
