दिव्यांग बच्चों के साथ सीएम ने मनाया जन्मदिन

0
2

बच्चों की मुस्कान मेरे लिए खास उपहार
जन्मदिन पर बच्चों से आत्मीयता से मिले धामी
देहरादून(संवाददाता)। दिव्यांग बच्चों के बीच मुख्यमंत्री ने अपना जन्मदिन मनाया और उनके साथ केक काटकर उन्हें अपने हाथों से केेक खिलाया। मुख्यमंत्री बच्चों से आत्मीयता के साथ मिले और उनसे खुलकर संवाद किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरों की खुशी उनके लिए सबसे यादगार उपहार है। दिव्यांग बच्चों को मुख्यमंत्री ने उपहार भी दिये और उनके बीच अपनी पत्नी के साथ जिस तरह से उन्होंने अपना जन्मदिन मनाया उससे उनमें एक नई ऊर्जा देखने को मिली। दिव्यांग बच्चों ने भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी और उन्हें दीधार्यु का भी आशीर्वाद दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को अपने जन्मदिन की खुशियां दिव्यांग बच्चों के साथ साझा कीं। मुख्यमंत्री देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान पहुंचे, जहां उन्होंने अध्ययनरत बच्चों के साथ केक काटा और काफी समय उनके बीच बिताया। उन्होंने बच्चों से आत्मीयता से मुलाकात कर बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चे भी उत्साहित और प्रसन्न नजर आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के बीच बिताया गया समय जीवन को नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है। प्रत्येक बच्चे में अपार प्रतिभा और संभावनाएं होती हैं। उन्हें आगे बढ़ने के लिए अवसर, प्रोत्साहन और विश्वास मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन का सशक्तिकरण केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज की सामूहिक जिम्मेदारी भी है। धामी ने बच्चों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास से जीवन की प्रत्येक चुनौती को पार किया जा सकता है। उन्होंने बच्चों को अपने लक्ष्य की ओर पूरे विश्वास और उत्साह के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर और सम्मान मिलने के साथ आगे बढ़ने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध होना चाहिए। बच्चों के साथ बिताए पलों को उन्होंने अपने जन्मदिन की खास स्मृति बताते हुए कहा कि बच्चों का स्नेह और उनके चेहरों की खुशी उनके लिए जन्मदिन का सबसे विशेष और यादगार उपहार है।

LEAVE A REPLY