केदारनाथ गर्भ गृह मामले में कांग्रेस ने फूंका सरकार का पुतला

0
123

देहरादून(नगर संवाददाता)। करोडों हिंदुओं की आस्था के केंद्र श्री केदारनाथ धाम में गर्भगृह की दीवारों को स्वर्णमंडित करने के स्थान पर पीतल लगाने के आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आज भाजपा सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी की अध्यक्षता में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार का पुतला फूंका।
इस अवसर पर गोगी ने कहा कि भाजपा हिंदुत्व का ढोल पीटती है और हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री केदारनाथ धाम के गर्भगृह में सोने की परत लगाने का प्रचार किया गया और अब पता चला है कि पीतल का काम किया गया है। करोड़ों लोगों की आस्था केंद्र केदारनाथ धाम में इस कार्य में शुरू से विवाद रहा है। अनेक पुरोहितों ने गर्भगृह के पौराणिक स्वरूप से छेड़छाड़ करने का विरोध भी किया था जिसे सरकार ने जैसे तैसे प्रबंध करके मामला शान्त किया।
उन्होंने कहा कि फिर भाजपा नेताओं ने जोर शोर से प्रचार प्रसार किया गया, जो कि भाजपा और भाजपा सरकार की आदत ही रही है कि धार्मिक मामलों का सहारा लेकर उनको अपने पक्ष में भुनाया जाए। अब कुछ पुरोहितों द्वारा प्रत्यक्ष रूप से देखा गया कि गर्भगृह में सोने की बताई गई परत का रंग फीका हो रखा है और कुछ लोग उसके ऊपर सोने की पॉलिश कर रहे हैं। वहां कैमिकल का भी प्रयोग हो रहा था। उन्होंने कहा कि तीर्थपुरोहितों का आरोप है कि वहां पीतल की परत लगाई गयी है। शुरू में भाजपा नेताओं ने आरोप को पूरी तरह से निराधार बताया लेकिन अब खुद पर्यटन मंत्री जांच की बात करने लगे हैं। इससे स्पष्ट है कि सरकार में खुद भ्रम और असहजता की स्थिति है।
उन्होंने कहा कि ऐसे में सरकार के स्तर पर इस प्रकरण की जांच विश्वसनीय नहीं होगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण की जांच उच्च न्यायालय के सिटिंग जज की निगरानी में ही की जाए। उन्होंने कहा कि क्योंकि स्वर्ण नहीं लगने के आरोप हैं तो इनकम टैक्स की चोरी होने को भी जांच के दायरे में रखा जाए।कांग्रेस हिंदुओं की भावनाओं से खिलवाड़ करने के प्रयासों का भरपूर विरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार की तरह ही उत्तराखंड की भाजपा सरकार की सारी ऊर्जा समस्याओं के निराकरण के बजाय रात दिन पी आर एक्सरसाइज पर ही लगती है। इस मामले में कांग्रेस कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में विरोध करेंगे और जनता के बीच सरकार के इस कृत्य से लोगों को अवगत कराएंगे। इस अवसर पर पुतला फूंकने वालों में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री मनीष नागपाल, सत्या पोखरियाल, राव नसीम, ललित बद्री, मुनिक अहमद, पूनम कंडारी, मीडिया पैनलिस्ट सुनीता प्रकाश, अभिषेक तिवारी, संजय भारती, आलोक मेहता, भूपेंद्र नेगी ,सईद अहमद जामल, मुकेश, सूरज क्षेत्री, अरुण बलोनी, अर्जुन पासी, शकील मंसूरी, वीरेंद्र पंवार, गौरव वर्मा, अनुराधा तिवारी, मुस्तकीम सिद्दीकी, मोहम्मद रहीस,नवीन रमोला, मुरसलीन मुरली, दीपांशु सलूजा, यूसुफ मालिक, महबूब, अनुभव गुप्ता,इजाज,सलमान, आजाद आदि मौजूद थे।

LEAVE A REPLY