खनन के खेल में मौत का मंजर

0
160

बाजपुर(संवाददाता)। बाजपुर के पिपलिया गांव में मंगलवार की आधी रात को एक स्टोन क्रेशर पर करीब डेढ़ करोड़ के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर गोलियां चली। इस वारदात में एक पक्ष के युवक की गोली लगने से मौत हो गई है। कनिष्ठ प्रमुख समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से अस्पताल और बाजपुर में भारी फोर्स तैनात कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक बाजपुर के पहाड़पुर गांव निवासी कनिष्ठ प्रमुख तजिंदर सिंह उर्फ जंटू पुत्र हरकेवल सिंह का पिपलिया गांव निवासी नेत्र प्रकाश शर्मा के साथ पाल ग्रिड स्टोन क्रशर को लेकर विवाद चल रहा है। करीब डेढ़ करोड़ रुपए के लेनदेन का मामला बताया जा रहा है। इसी को लेकर मंगलवार शाम नेशनल हाईवे पर स्थित एक होटल में पंचायत भी हुई, लेकिन पंचायत में कोई नतीजा नहीं निकला। इसी बीच चेक देने के लिए बुलाए जाने पर तजिंदर अपने साथी ग्राम बग्गी फार्म मिलकखानम रामपुर निवासी कुलवंत सिंह पुत्र सुखदेव सिंह, बिराहा फार्म बाजपुर निवासी हरप्रीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह, मोहल्ला सुभाष नगर निवासी मोहित अग्रवाल पुत्र भगवान दास आदि के साथ आधी रात को नेत्र प्रकाश के आवास पर पहुंच गए। आरोप है कि जैसे ही डोर बेल बजाई घर के अंदर से गोलियां चलानी शुरू कर दी गईं। जिसमें गोली लगने से कुलवंत सिंह की मौत हो गई, जबकि कनिष्ठ प्रमुख तजिंदर सिंह, मोहित अग्रवाल, हरप्रीत सिंह घायल हो गए। सूचना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ही मौके पर पहुंची पुलिस सभी को सरकारी अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने कुलवंत सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि तजिंदर सिंह, मोहित व हरप्रीत सिंह को प्राथमिक उपचार देकर हायर सेंटर रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर तजिंदर पक्ष के लोगों में आक्रोश फैल गया है। आधी रात को ही सरकारी अस्पताल में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। जिसे पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं घटना की जानकारी पर सरकारी अस्पताल पहुंचे एएसपी काशीपुर चंद्र मोहन सिंह, सीओ वंदना वर्मा ने घटना के बारे में जानकारी हासिल की। तजिंदर की ओर से कोतवाली में तहरीर दे दी गई है।

LEAVE A REPLY