रूद्रप्रयाग(संवाददाता)। पुलिस कप्तान आयुष अग्रवाल द्वारा आगामी केदारनाथ यात्रा के सम्बन्ध में जनपद पुलिस के स्तर से की जा रही तैयारियों का गौरीकुण्ड एवं सोनप्रयाग पहुंचकर जायजा किया गया। साथ ही ली गयी बैठकों के अनुरूप अपेक्षित कार्यवाही किये जाने तथा यात्रा व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित किये जाने हेतु आवश्यक रिपोर्ट दिये जाने हेतु सम्बन्धित प्रभारियों को निर्देशित किया गया।
कोतवाली सोनप्रयाग एवं चौकी गौरीकुण्ड में नियुक्त होने वाले पुलिस बल के आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा अतिरिक्त आवश्यकताओं के दृष्टिगत आवासीय सुविधा मुहैया कराये जाने के दृष्टिगत समय से मांगपत्र प्रेषित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया ताकि स्थानीय जिला प्रशासन से समय रहते पत्राचार किया जा सके। तत्पश्चात पुलिस अधीक्षक केदारनाथ धाम सहित केदारनाथ यात्रा के विभिन्न पड़ावों यथा लैंचोली, भीमबली, गौरीकुण्ड, सोनप्रयाग में नियुक्त होने प्रभारियों के साथ इस वर्ष के पुलिस विभाग द्वारा यात्रियों के सुरक्षा के दृष्टिगत तैयार किये गये प्लान पर चर्चा की गयी। सभी उपस्थित प्रभारियों से उनके सुझाव जाने गये। इस दौरान नियुक्त होने वाले प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि, यात्रा से पूर्व इन स्थानों पर नियुक्त होने वाले पुलिस कार्मिकों हेतु जरूरी सामग्री का मांग पत्र प्रेषित कर दिया जाये। मांगानुरूप सामग्री की आपूर्ति करा दी जायेगी। स्थानीय स्तर पर भी सामान ढुलाई हेतु आवश्यक समन्वय स्थापित कर लिया जाये। निर्देशित किया गया कि, यात्रा अवधि में किये जाने वाले कर्तव्य निर्वहन सम्बन्धी निर्देशों पर पृथक से सम्मेलन आयोजित किया जायेगा, जिसमें हरेक कार्मिक को भली भांति ब्रीफ किया जायेगा।
