राजनाथ सिंह के सामने तय हुआ सीएम का नाम
देहरादून(प्रमुख संवाददाता)। उत्तराखंड में मिली भाजपा को प्रचंड जीत के बाद उत्तराखंड का नया सरताज कौन होगा इसको लेकर 11 दिन से उत्तराखंड के अंदर कयासबाजी का दौर चल रहा था और मीडिया के अधिकांश लोग पुष्कर सिंह धामी को रेस से बाहर ही मानकर चल रहे थे और उन्होंने कभी अनिल बलूनी को मुख्यमंत्री की रेस में पहले नंबर पर बताया तो कभी डा. रमेश पोखरियाल निशंक तो कभी सतपाल महाराज, अजय भटट, ऋतु खंडूरी, मदन कौशिक, डा. धनसिंह रावत आदि के नाम चलाये जा रहे थे और पिछले 48 घंटे से अनिल बलूनी को राज्य का मुख्यमंत्री करार दिया जा रहा था और यह भी बयानबाजी चल रही थी कि पुष्कर सिंह धामी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जा रहा है। आज जब भाजपा हाईकमान ने केन्द्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व विदेश राज्य मंत्री मिनाक्षी लेखी को पर्यवेक्षक बनाकर दून भेजा गया तो उनकी मौजूदगी में विधायक मंडल दल की बैठक हुई और उस बैठक में पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड का नया मुख्यमंत्री घोषित कर दिया गया जिससे 11 दिन से मुख्यमंत्री का चले आ रहे नाम के सस्पेंस से पर्दा उठ गया है। इस अवसर पर प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सांसद अनिल बलूनी, पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक, केन्द्रीय राज्य मंत्री अजय भटट, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रेमचन्द अग्रवाल, सतपाल महाराज, डा. धनसिंह रावत, सुबोध उनियाल, ऋतु खंडूरी, उमेश शर्मा काऊ, बृजभूषण गैरोला, सविता कपूर, खजानदास, सहित सभी नवनिर्वाचित विधायक शामिल रहे।
