गुनाहगारों को तलाशने में जुटी पुलिस टीमें
महिला सुरक्षा के दावे हो रहे तार तार!
सीसीटीवी और फॉरेंसिक टीमें खोलेंगी रेप का सच
रुद्रपुर। सरकार और पुलिस मुख्यालय महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बडे-बडे दावे कर रहा है और उसका कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा उनकी पहली प्राथमिकता है लेकिन जिस तरह से रूद्रपुर में एक महिला के साथ गैंगरेप की घटना हुई हैं उसने महिलाओं के मन में एक डर की भावना पैदा कर दी है? सवाल खडे हो रहे हैें कि आखिरकार वो दरिंदे कौन थे जिनके मन में सरकार और पुलिस महकमे का कोई डर नहीं था कि उन्होंने गैंगरेप जैसी दुसाहसिक घटना को अंजाम दिया? पुलिस सीसीटीवी खंगाल रही है तो वहीं फोरेंसिक टीम ने भी कई साक्ष्य उठाये हैं और इस वारदात में शामिल गुनाहगारों को पकडने के लिए पुलिस टीमों ने अपना जाल बिछा रखा है और उन्हें विश्वास है कि जल्द वह इस वारदात में शामिल गुनाहगारों को सलाखों के पीछे पहुंचा देंगे।
रुद्रपुर में तमंचे के बल पर एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात फॉरेंसिक साइंस टीम ने घटनास्थल ठंडी सड़क पहुंचकर बारीकी से मौका मुआयना किया और कई अहम साक्ष्य जुटाए। वहीं पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने देवर सहित तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी है।
मेला देखकर लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, 22 फरवरी की रात करीब नौ बजे भदईपुरा निवासी महिला अपने देवर करन के साथ गांधी पार्क में लगे सरस आजीविका मेले से लौट रही थी। आरोप है कि कार्यक्रम स्थल से कुछ दूरी पर दो बाइकों पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और देवर को किनारे ले जाकर बातचीत करने लगे।
पीड़िता के अनुसार, बातचीत के बाद युवकों ने तमंचा दिखाकर उसे धमकाया। आरोपियों ने कहा कि यदि वह चुपचाप बाइक पर नहीं बैठी तो गोली मार दी जाएगी। भयभीत महिला को जबरन बाइक पर बैठाकर सुनसान इलाके ठंडी सड़क की ओर ले जाया गया।
सुनसान इलाके में वारदात
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि ठंडी सड़क के सुनसान क्षेत्र में ले जाकर आरोपियों ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। किसी तरह महिला घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सोमवार को महिला ने कोतवाली पहुंचकर लिखित तहरीर दी। तहरीर में उसने अपने देवर की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए और आशंका जताई कि पूरी घटना उसकी जानकारी और इशारे पर अंजाम दी गई।
देवर सहित तीन नामजद, दो अज्ञात पर केस
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए देवर करन, खेड़ा बस्ती निवासी राजा और दो अज्ञात युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, धमकी और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
देर रात पहुंची फॉरेंसिक टीम
सोमवार देर रात करीब साढ़े दस बजे फॉरेंसिक साइंस टीम ने ठंडी सड़क स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया। टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम को कुछ महत्वपूर्ण सुराग भी मिले हैं, जिनके आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस को साक्ष्यों को मजबूत करने में मदद मिलेगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की संलिप्तता स्पष्ट की जाएगी।
पुलिस का दावाः जल्द होगी गिरफ्तारी
कोतवाली पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान सुनिश्चित कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।
यह घटना एक बार फिर शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। सार्वजनिक कार्यक्रमों और सुनसान इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच में जुटी है और जल्द खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।
