काला मंगलवार यात्रियों को सफर में मिली मौत

0
120

साल के आखिर में सात मौतों से सहम गया उत्तराखण्ड़
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। उत्तराखण्ड के अल्मोडा में सल्ट भिकियासैंण इलाके में यात्रियों से भरी बस गहरी खाई में जा गिरी जिससे उसमे सवार दो महिलाओं और पांच पुरूषों की मौत हो गई। साल के आखिर में सात लोगों की मौत की खबर सुनकर उत्तराखण्ड सहम गया और काले मंगलवार को सात यात्रियों का सफर अधूरे में रह गया और इस सफर नें उन्हें अपने घर में दस्तक देने के बजाए मौत के द्वार पर लाकर खडा कर दिया। सात लोगों की दर्दनाक मौत ने सरकार और सिस्टम को हिलाकर रख दिया और यह बात उठी कि आखिरकार कब तक ऐसे ही लोगों को मौत का सफर तय करना पडेगा? इस हादसे से मुख्यमंत्री और इलाके के सांसद भी दुखी हुये और उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति के लिए उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। बस हादसे की वजह उसका स्टेयरिंग फेल होना बताया जा रहा है लेकिन अभी पुलिस जांच कर रही है कि आखिर बस कैसे खाई में जा समाई।
आज सुबह अल्मोड़ा जिले के भिकियासैंण के पास यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। स्टेट डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एसडीआरएफ) के अनुसार, इस हादसे में सात यात्रियों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की बचाव टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। बचाव टीमों ने खाई में गिरे यात्रियों को निकालने का ऑपरेशन शुरू किया और सभी घायलों को इलाज के लिए भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं इस हादसे में दो महिलाओं समेत सात यात्रियों की मौत हो गई। अल्मोड़ा के देवेंद्र पिंचा ने कहा कि बचाव टीमों ने सभी घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया और जिनकी मौत हो गई उनके शवों का पंचनामा भर उनका पोस्टमार्टम किया जायेगा।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस घटना पर दुख जताया है। सीएम धामी ने कहा कि वह जिला प्रशासन के संपर्क में हैं और घायलों को जरूरी मदद दी जा रही है। धामी ने एक्स पर पोस्ट किया, हमें अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण से रामनगर जा रही बिकियासैंण-विनायक मोटर रोड पर एक बस दुर्घटना की बेहद दुखद खबर मिली है, जिसमें यात्रियों की जान गई है। यह घटना बहुत दर्दनाक और दिल दहला देने वाली है। उन्होंने आगे कहा, हादसे में घायल यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा तुरंत पास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए बड़े मेडिकल सेंटरों में रेफर किया गया है। पूरे मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है, और मैं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार संपर्क में हूं।
केंद्रीय मंत्री और अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ के सांसद अजय टम्टा ने भी इस घटना पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और बचाव दल एक बड़े बचाव अभियान में लगे हुए हैं और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। टम्टा ने एक्स पर पोस्ट किया, अल्मोड़ा जिले में भिकियासैंण-विनायक मार्ग पर हुए भयानक सड़क हादसे की खबर बेहद दुखद और परेशान करने वाली है। खबरों के मुताबिक, एक बस के सड़क से फिसलकर खाई में गिरने से कई यात्रियों की मौत हो गई या वे घायल हो गए। उन्होंने आगे कहा, घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान में लगी हुई हैं, और घायलों को इलाज के लिए तुरंत मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं।

LEAVE A REPLY