शान से फहराया तिरंगा

0
137

देहरादून(नगर संवाददाता )। राजधानी सहित पूरे प्रदेश में 74वां गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया और सरकारी एवं अद्र्ध सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण किया गया और मिष्ठान्न वितरित किया गया। इस अवसर पर मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह परेड ग्राउंड में किया गया जहां पर राज्यपाल सेनि ले. जनरल गुरमीत सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर मार्च पास्ट में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल ने प्रथम व गढ़वाल राईफल्स ने दूसरा स्थान अर्जित किया जबकि झांकियों में उद्यान विभाग ने पहला, पर्यटन विभाग ने दूसरा तथा शिक्षा विभाग की झांकी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
यहां परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस का मुख्य समारोह का आयोजन किया गया और राज्यपाल सेनि ले. जनरल गुरमीत सिंह ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर गढ़वाल राईफल्स, आईटीबीपी, सीआरपीएफ, हिमाचल प्रदेश पुलिस की टुकडी, उत्तराखंड पुलिस, उत्तराखंड विशेष पुलिस बल महिला, 4०वीं वाहिनी पीएसी, गौरव सेना के पूर्व सैनिकों की टुकड़ी, पुलिस संचार विभाग, पीआरडी के जवान, अग्निशमन एवं आपातकाल, पुलिस के घुडसवार एवं सीपीयू के जवानों ने परेड में भाग लिया और अपनी एकता को प्रदर्शित किया और सभी कदम से कदम मिलाकर चल रहे थे। इस अवसर पर परेड में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले मार्च पास्ट में सीआरपीएफ ने पहला स्थान अर्जित किया जबकि गढवाल राईफल्स ने स्थान हासिल किया। इस अवसर पर राज्यपाल सेनि ले. जनरल गुरमीत सिंह ने उत्कृष्ट कार्य करने एवं विशिष्ट सेवा पुरस्कार प्रदान किये गये और एसएसपी देहरादून दिलीप सिंह कुंवर, एसएसपी एसटीएफ आयुष अग्रवाल, राकेश चन्द देवली, दिनेश चन्द्र, पूरन सिंह रावत, पंकज गैरोला, श्याम दत्त नौटियाल, के एस रावत प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इस अवसर पर कैलाश पंवार, पंकज कुमार, वीरेन्द्र सिंह रावत, मोहन गिरी, दिनेश चन्द्र, विक्रम सिंह, पितशरण बहुगुणा, मोहन राव, जयंत राम के साथ क्रिकेटर ऋषभ पंत के सड़क दुर्घटना में घायल होने पर उन्हें चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने व अस्पताल पहुंचाने पर हरियाणा रोडवेज के चालक परिचारक एवं दो अन्य युवाओं को एक एक लाख रूपये व प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चालक सुशील कुमार की पत्नी रितू ने सम्मान हासिल किया जबकिपरिचालक परमजीत के पिता सुरेश कुमार ने यह पुरस्कार हासिल किया। इस अवसर पर नीशू व रजत को भी सम्माानित किया गया। इससे पूर्व परेड ग्राउंड में उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग विभाग की रूफ गाडर्निंग पर झांकी निकाली गई। इस अवसर पर शिक्षा विभाग, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, पर्यटन विभाग, उद्योग विभाग, पशुपालन विभाग ने अपनी अपनी झांकियां निकालकर दर्शकों को आकर्षित किया।
इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों में गोर्खा राइफल्स के पाइप बैंड ने समां बांधा और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा भांगडा प्रस्तुत किया गया। वहीं जीजीआईसी कारगी ग्रांट, जीजीआईसी लक्खीबाग, राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, फूलचन्द नारी शिल्प मंदिर इंटर कालेज की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये और वहीं संस्कृति विभाग से जुडे हुए कलाकारों ने शानदार नृत्य प्रस्तुत कर सभी को अपनी ओर आकर्षित किया। इस अवसर पर राज्यपाल सेनि ले. जनरल गुरमीत सिंह ने प्रदेश वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनायें दी। इस अवसर पर मुख्य सचिव डा. एस एस संधु, राजपुर विधायक खजानदास, जिलाधिकारी सोनिका सहित अनेक अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि मौजूद थे। वहीं, राजभवन में राज्यपाल ने तिरंगा फहराकर प्रदेश और देशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं राजधानी के सरकारी, अर्ध सरकारी कार्यालयों में गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर राजधानी व आसपास के क्षेत्रों में गणतंत्र दिवस समारोह को धूमधाम से मनाया गया।

LEAVE A REPLY