देहरादून(संवाददाता)। एक आदर्श ज्योर्तिलिंग बाबा केदारनाथ मे ंविराजमान हो गया। फौज के मराठा रेजिमेंट के बैंड की भक्ति धुनों के बीच देश-विदेश से आये हजारो श्रद्धालुओं और मुख्यमंत्री उनकी पत्नी की मौजूदगी में केदारनाथ धाम के कपाट आज सुबह वृष लग्न में खोल दिये गये। प्रात: पांच बजे गर्भग्रह में पूजन हुआ सवा छह बजे कपाट को आमजनों के लिए खोल दिया गया। इस दौरान पहला रूद्राभिषेक देशवासियों की कल्याण के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से किया गया। धाम छह माह तक दर्शन के लिए खुला रहेगा। केदारनाथ धाम को नौ कुतंल फूलों से इस कदर सजाया गया था कि देखते ही बनता था। बाबा के उद्घोष के नारों से आसमान गूंजा और श्रद्धालुओं का जोश आसमान छू रहा था। दो कोरोना काल के दौर गुजरने के बाद पहली बार धाम के कपाट खोलने का आयोजन शानदार ढंग से किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर ंिसह धामी कपाट खुलने से पहले पत्नी के साथ पहुंचे तो वहां श्रद्धालुओं का जबरदस्त जमावडा लग चुका था।
यहां आज प्रात साढ़े चार बजे से श्री बदरीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति ने कपाटोद्घाटन की तैयारी शुरू कर दी थी। श्री केदारनाथ -केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय सहित धाम के रावल भीमाशंकर लिंग, केदारनाथ धाम के पुजारी टी गंगाधर लिंग, आयुक्त गढवाल सुशील कुमार, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित सहित मंदिर समिति मुख्य कार्याधिकारी बी.डी. सिंह, वेदपाठी आचार्यगणों ने मंदिर के पूरब द्वार से मंदिर के सभामंडप में प्रवेश किया। इस अवसर पर पांच बजे से मंदिर के गर्भगृह के द्वार का पूजन शुरू हुआ। श्री केदारनाथ धाम के रक्षक क्षेत्रपाल श्री भकुंट भैरव के आव्हान के साथ ठीक प्रात:6 बजकर 25 मिनट पर केदारनाथ धाम के मुख्य द्वार के कपाट खोल दिये गये। कपाट खुलते ही श्री केदारनाथ भगवान के स्वयंभू शिवलिंग को समाधि रूप से जागृत किया। कुछ ही पल बाद बाबा के निर्वाण दर्शन हुए कुछ अंतराल में बाबा का श्रृंगार दर्शन शुरू हुए तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहला रूद्राभिषेक किया गया। इस अवसर पर मंदिर को विभिन्न प्रकार के फूलों से सजाया गया तथा समस्त केदारनाथ धाम में मराठा रेजीमेन्ट के बैंड की भक्तिमय धुनों से वातावरण गुंजायमान हो रहा था। दानीदाताओं ने भंडारे आयोजित किये हेली सेवा एवं पैदल मार्ग से श्रद्धालुओं का आने का सिलसिला जारी है। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित पर्यटन धर्मस्व संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर देश-विदेश के तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं दी है कहा कि श्री केदारनाथ भगवान की कृपा जनमानस पर बनी रहे। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इस अवसर पर विशेष रूप से केदारनाथ धाम दर्शन को पहुंचे है। उल्लेखनीय है कि कपाट खुलने की प्रक्रिया के अंतर्गत श्री केदारनाथ भगवान की पंचमुखी डोली दो मई को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से पैदल मार्ग से चलकर गुप्तकाशी,फाटा, गौरीकुंड होते हुए 5 मई शाम को श्री केदारनाथ धाम पहुंची थी और आज 6 मई को प्रात: केदारनाथ धाम के कपाट यात्राकाल ग्रीष्मकाल 6 माह के लिए खुल गये। शनिवार को भैरवनाथ की पूजा के पश्चात भगवान केदारनाथ जी की आरती शुरू हो जायेगी।
इस दौरान श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के अवसर पर श्री केदारनाथ मंदिर परिसर भक्तिमय भजनों से गुंजायमान हो रहा था। इस अवसर पर पंकज मोदी पूर्व विधायक मनोज रावत, मंदिर समिति सदस्य क्रमश: श्रीनिवास पोस्ती, आशुतोष डिमरी, सज्जन जिंदल वीरेंद्र असवाल अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद वर्धन, सचिव धर्मस्व हरिचंद सेमवाल, केदार सभा अध्यक्ष विनोद शुक्ला, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल, एसडीएम जितेंद्र वर्मा, कृष्णनाथ गोस्वामी सहित मंदिर समिति प्रभारी अधिकारी आर. सी. तिवारी, गिरीश देवली, आरके नौटियाल, आचार्य ओंकार शुक्ला, यदुवीर पुष्पवान, प्रदीप सेमवाल, अरविंद शुक्ला डा. हरीश गौड़, अमित शुक्ला, विपिन तिवारी राजकुमार तिवारी आदि मौजूद रहे।
