उत्तराखण्ड में शांत वातावरण
देवभूमि की संस्कृति और पर्यटन को देशभर तक पहुंचाये युवा
उत्तराखण्ड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बने युवा
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड के तीन दिवसीय भ्रमण पर आए हरियाणा के युवाओं से राज्य की संस्कृति, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों की पहचान देशभर तक पहुंचाने का आह्वान किया। आज मुख्यमंत्री आवास में युवाओं से संवाद करते हुए उन्होंने कहा कि युवा अपने अनुभव सोशल मीडिया और मित्रों के बीच साझा कर उत्तराखण्ड के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर की भूमिका निभाएं।
भेंट के दौरान युवाओं ने सड़क एवं डिजिटल कनेक्टिविटी, होम-स्टे, सौर ऊर्जा, पर्यटन और सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान उन्हें स्थानीय लोगों से संवाद करने और विभिन्न योजनाओं से उनके जीवन में आ रहे बदलावों को समझने का अवसर मिला। युवाओं ने कहा कि पर्वतीय भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद सड़क और डिजिटल संपर्क बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य दिखाई दिए। उन्होंने रेलवे नेटवर्क के विस्तार के प्रयासों का भी उल्लेख किया। होम-स्टे को मिल रहे प्रोत्साहन पर युवाओं ने कहा कि इससे स्थानीय लोगों के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। उन्होंने सोलर रूफटॉप योजना को भी राज्य की परिस्थितियों के अनुरूप उपयोगी पहल बताया। उत्तराखण्ड के शांत वातावरण, स्वच्छ पर्यावरण और स्थानीय लोगों के आत्मीय व्यवहार ने युवाओं को विशेष रूप से प्रभावित किया। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान लोगों से मिले अपनत्व और सहयोग ने देवभूमि की संस्कृति को करीब से समझने का अवसर दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘अतिथि देवो भवः’ उत्तराखण्ड की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। अंतरराज्यीय भ्रमण युवाओं को देश की सांस्कृतिक विविधता, नवाचारों और विकास की बेहतर कार्यप्रणालियों से परिचित कराते हैं। ऐसे संवाद राज्यों के बीच अनुभवों के आदान-प्रदान का माध्यम भी बनते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने तथा भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता लाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले लगभग पांच वर्षों में करीब 35 हजार युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति प्रदान की गई है।
धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड विकास और विरासत को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। राज्य में समान नागरिक संहिता लागू करने के साथ महिला सशक्तिकरण, पर्यटन, स्थानीय उत्पादों, होम-स्टे, सौर ऊर्जा और सीमांत क्षेत्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से राज्य के तीर्थस्थलों, पर्यटन स्थलों, मिलेट्स, हस्तशिल्प और महिला स्वयं सहायता समूहों के कार्यों की जानकारी व्यापक स्तर पर साझा करने को कहा। उन्होंने आह्वान किया कि युवा अपने सकारात्मक अनुभव हरियाणा तक पहुंचाएं और दोनों राज्यों के बीच संस्कृति, पर्यटन तथा नवाचार के आदान-प्रदान को आगे बढ़ाएं।