रामपुर तिराहा से धामी की घोषणा

0
14

शहीदों के गांवों में लगेंगी प्रतिमाएं
राज्य आंदोलनकारियों के पुनः चिन्हीकरण में तेजी का भरोसा
मुजफ्फरनगर/देहरादून(संवाददाता)। उत्तराखंड राज्य आंदोलन के जिन शहीदों की प्रतिमाएं अब तक स्थापित नहीं हुई हैं, उनकी प्रतिमाएं पैतृक गांव अथवा निवास क्षेत्र में लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा शहीद स्थल पर अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृतियों को संरक्षित करना और उनके सपनों का उत्तराखंड बनाना सरकार की प्रतिबद्धता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रामपुर तिराहा स्थित राज्य अतिथि गृह के उच्चीकरण, स्मारक परिसर के पुस्तकालय को ई-लाइब्रेरी बनाने और संग्रहालय के विस्तार की भी घोषणा की। संग्रहालय में उत्तराखंड के पारंपरिक वाद्य यंत्र, वेशभूषा और लोक संस्कृति से जुड़ी सामग्री शामिल की जाएगी। राज्य आंदोलनकारियों के पुनः चिन्हीकरण की प्रक्रिया भी शीघ्र पूरी करने की बात कही। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रामपुर तिराहा कांड के शहीद आंदोलनकारियों की प्रतिमाएं स्थापित करने के कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने बताया कि इसके लिए 27 लाख रुपये की धनराशि जारी की गई है। स्मारक के लिए भूमि दान करने वाले स्वर्गीय पंडित महावीर शर्मा के योगदान को भी नमन किया। उनकी प्रतिमा स्मारक परिसर में स्थापित की गई है।
मुख्यमंत्री ने एक और दो अक्टूबर 1994 की रात रामपुर तिराहा में दिल्ली जा रहे आंदोलनकारियों के साथ हुई घटना को राज्य आंदोलन का अत्यंत पीड़ादायक अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि खटीमा, मसूरी, रामपुर तिराहा और श्री यंत्र टापू सहित विभिन्न स्थानों पर आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से ही उत्तराखंड अस्तित्व में आया। आंदोलनकारियों के हितों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें और उनके आश्रितों को राजकीय सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। आश्रित प्रमाणपत्र तहसील स्तर पर जारी करने की व्यवस्था की गई है। शहीद आंदोलनकारियों के नाम पर सड़कों और विद्यालयों के नामकरण के आदेश भी जारी किए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने आंदोलन में मातृशक्ति की भूमिका और रामपुर तिराहा कांड के दौरान आंदोलनकारियों को सहयोग व शरण देने वाले स्थानीय लोगों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों के अनुरूप समृद्ध और सशक्त उत्तराखंड बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य वंदना वर्मा, राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद के उपाध्यक्ष सुभाष बड़थ्वाल, मधु भट्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY