देहरादून(संवाददाता)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री ने दोनों महान विभूतियों का भावपूर्ण स्मरण किया। आज मुख्यमंत्री आवास में उन्होंने उनके चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और मानवता के सिद्धांत समाज को सदैव दिशा देते रहेंगे। उनके विचार आज भी शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता के लिए प्रासंगिक हैं। लाल बहादुर शास्त्री को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष जवानों और किसानों के सम्मान तथा राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी और शास्त्री के आदर्श राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।