तीन चोटियां फतह, पर्वतारोहियों ने रचा इतिहास
देहरादून(स्टाफ रिपोर्टर)। दुनिया की दुर्गम पर्वत चोटियों पर भारतीय तिरंगा फहराकर लौटे नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), उत्तरकाशी के जांबाज पर्वतारोहियों का मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने संस्थान के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन करते हुए पर्वतारोहियों के साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया।
इन अभियानों में बड़ी उपलब्धि अर्जेंटीना स्थित 6,961 मीटर ऊंचे माउंट एकांकागुआ पर सफल आरोहण रही। एनआईएम और जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स (जिम और डब्ल्यूएस), पहलगाम के छह सदस्यीय संयुक्त दल ने कर्नल हेम चंद्र सिंह के नेतृत्व में 22 फरवरी को शिखर फतह किया था। वहीं कर्नल एस.एस. राजपुरोहित के नेतृत्व में एनआईएम के पर्वतारोहियों ने नुन-कुन पर्वत श्रृंखला में इतिहास रचते हुए एक ही अभियान में तीन चोटियां फतह कीं। दल ने स्वतंत्रता दिवस पर 7,077 मीटर ऊंचे माउंट कुन, 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंचे माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंचे माउंट नुन पर सफल आरोहण किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए अपार संभावनाएं समेटे हुए हैं। ऐसी उपलब्धियां युवाओं को साहसिक खेलों की ओर आकर्षित करने के साथ उत्तराखंड की पहचान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत करती हैं।