शुद्धिकरण पर दहाड़े कांग्रेसी

0
7

सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर किया सचिवालय कूच
प्रदर्शनकारियों की पुलिस से तीखी नोंकझोंक, धक्का मुक्की
नगर संवाददाता
देहरादून। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर झूठी एफआईआर किए जाने से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने मुकदमा निरस्त किए जाने व कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की हल्द्वानी में जनसभा के बाद मंच का शुद्धिकरण करने वाले दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ गरजते हुए सचिवालय कूच किया। काफी देर बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन ले गई। इससे पूर्व बैरिकैड से नीचे उतरते समय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डा. हरक सिंह रावत गिर गए और उनके पैर में थोड़ी चोट आई है जिन्हें उपचार के लिए दून चिकित्सालय ले जाया गया।
यहां प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कार्यकर्ता कांग्रेस भवन में इकटठा हुए और वहां से प्रदेश सरकार के खिलाफ जबरदस्त नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए सचिवालय कूच करने के लिए निकले तो पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग लगाकर सभी को रोक लिया। रोके जाने से गुस्साए कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी नोंकझोंक, धक्का मुक्की एवं झड़प हुई और कई वहीं धरने पर बैठ गए। इस दौरान चल रहे हंगामें के बीच गणेश गोदियाल, यशपाल आर्य, प्रीतम सिंह, डा. हरक सिंह रावत, सूर्यकांत धस्माना, ज्योति रौतेला, वीरेंद्र पोखरियाल, अभिनव थापर, जसविंदर सिंह गोगी, संग्राम सिंह पुंडीर, गरिमा दसौनी सहित अनेकों नेता बैरिकेड पर चढ़ गए और वहां से प्रदर्शन करने लगे। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार को दलित विरोधी करार देते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का ही नहीं बल्कि देश भर के सभी दलितों का अपमान किया है जिसे किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जल्द ही जनसभा के बाद मंच का गंगाजल छिड़ककर व हवन कर शुद्धिकरण करने वाले दोषियों पर आज तक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार के दवाब में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर झूठी एफआईआर से मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि रामलीला मैदान में शुद्धिकरण कर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से इस मामले में पहले भी पुलिस को शिकायत दी गई थी, लेकिन उस पर एफआईआर दर्ज नहीं की गई। बीते रोज भी प्रदेश भर में थाने, चौकियों में तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत ने कहा है कि दलित समाज का अपमान किसी भी दशा में सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण प्रकरण से भाजपा का देश व प्रदेश से सफाया होना तय है। उन्होंने कहा कि जनता अब पूरी तरह से बदलाव का मन बना चुकी है। चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष व विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में पार्टी कार्यकर्ता लगातार अपनी आवाज उठाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी और अगर उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा है कि शुद्धिकरण प्रकरण पर लगातार दोषियों को बचाने का काम सरकार व भाजपा कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी पर झूठी एफआईआर से दर्ज मुकदमें को जल्द ही निरस्त किया जाए। उन्होंने कहा कि कथित एआई से बनाए गए फर्जी वीडियो के मामले में भी पुलिस से मुकदमा दर्ज करने की मांग से की है। इस अवसर पर अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। सचिवालय कूच करने वालों में विधायक ममता राकेश, लखपत बुटोला, मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रदेश उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा, विजय सारस्वत, विनय सारस्वत, प्रवक्ता सुनीता प्रकाश, अभिनव थापर, डा. प्रतिमा सिंह, शीशपाल सिंह बिष्ट, उपेंद्र थापली, गोदावरी थापली, नजमा खान, महेश जोशी, विनित प्रसाद भटट, पुष्पा पंवार, चंद्रकला नेगी, विकास नेगी, सुलेमान अंसारी, राजेंद्र शाह, ओम प्रकाश सती बब्बन, महेंद्र सिंह नेगी गुरूजी, श्याम सिंह चौहान, विजय प्रताप मल्ल, विनोद कुमार सहित अनेकों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बॉक्स…1
राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमें को करें निरस्तः गोदियाल
गणेश गोदियाल ने कहा कि जल्द ही राहुल गांधी पर झूठी एफआईआर से दर्ज किए गए मुकदमें को निरस्त नहीं किया गया तो प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने को थाने, चौकियों में तहरीर दी गई लेकिन अभी तक दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई है।

बॉक्स….2
भाजपा नहीं रही दलित समाज की हितैषीः आर्य
यशपाल आर्य ने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा कभी भी दलित समाज की हितैषी नहीं रही है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत मिलने के बाद कुछ ही समय में झूठी एफआईआर पर मुकदमा दर्ज कर दिया गया, जबकि कांग्रेस की दोषियों के खिलाफ दी गई शिकायत पर आज तक कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि सरकार व भाजपा के खिलाफ आर-पार का आंदोलन किया जाएगा।

बॉक्स……3
बैरिकेड से नीचे उतरते समय गिरे हरक
सचिवालय कूच के दौरान बैरिकेड पर चढ़कर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री डा. हरक सिंह रावत बैरिकेड से नीचे उतरते वक्त गिर गए जिससे उनके पैर पर चोट लगी है और उन्हें उपचार के लिए दून चिकित्सालय ले जाया गया और जहां पर प्राथमिक उपचार दिया गया और कुछ देर वहां पर आराम करने के बाद घर वापस आ गए।

LEAVE A REPLY