सर्च ऑपरेशन में युवती को मिला जीवनदान
पानी के रौद्र रूप से क्रेटा कार में सवारों के जीवन का अंत
प्रमुख संवाददाता
प्रेमनगर। देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात तेज बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। लोअर कंडोली-पौंधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास बरसाती पानी का बहाव अचानक तेज होने से एक क्रेटा कार पानी की चपेट में आकर बह गई। हादसे के समय कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। हादसे में युवक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती घायल अवस्था में करीब दो किलोमीटर दूर मिली। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो-एन भी तेज बहाव की चपेट में फंस गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात क्रेटा कार संख्या त्श्र 13 ब्म् 5641 के कंडोली पुल के पास तेज बरसाती बहाव में बहने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही डाकपत्थर से अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में एसडीआरएफ की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। रात का समय होने के साथ लगातार बारिश और तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद टीम ने मौके पर पहुंचते ही सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। एसडीआरएफ जवानों ने टॉर्च और अन्य रेस्क्यू उपकरणों की मदद से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में तलाश शुरू की। तेज पानी के बीच जवानों ने संभावित स्थानों पर सर्चिंग की। काफी मशक्कत के बाद टीम को घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिलीं। उन्हें तत्काल सुरक्षित स्थान पर लाया गया और प्राथमिक सहायता के बाद पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। एक युवती के सुरक्षित मिलने से राहत की उम्मीद जगी, लेकिन सर्च अभियान के दौरान स्थिति बेहद गमगीन हो गई। तलाश के दौरान अक्षय पुत्र मुकेश (20), निवासी जयपुर, राजस्थान का शव बरामद किया गया। इसके बाद कार में सवार एक अन्य युवती का शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
रातभर चलता रहा अभियान
तेज बारिश के कारण बरसाती पानी का बहाव लगातार बढ़ता-घटता रहा। ऐसे में एसडीआरएफ के जवानों ने जोखिम के बीच सर्चिंग जारी रखी। टीम ने घटनास्थल के साथ-साथ उस दिशा में भी तलाश की, जिस ओर पानी के बहाव में वाहन के बहने की संभावना थी। घायल युवती का घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मिलना भी तेज बहाव की भयावहता को दर्शाता है।
स्कॉर्पियो-एन भी बहाव में फंसी
हादसे के दौरान स्कॉर्पियो-एन भी तेज बरसाती बहाव की चपेट में फंस गई। अचानक बढ़े पानी के कारण मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने आसपास के क्षेत्र में भी सर्चिंग की और किसी अन्य व्यक्ति के बहाव में बहने की संभावना को देखते हुए तलाश जारी रखी।
दो की मौत, एक को बचाया
रातभर चले अभियान के बाद हादसे की तस्वीर साफ हुई। क्रेटा सवार तीन लोगों में से एक युवती को घायल अवस्था में सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि युवक अक्षय और एक अन्य युवती की मौत हो गई। शवों को पुलिस के सुपुर्द कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद प्रेमनगर और कंडोली क्षेत्र में हड़कंप मच गया। लगातार बारिश के बीच बरसाती नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अचानक बढ़ते पानी ने एक बार फिर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने रातभर अभियान चलाकर स्थिति को संभाला। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। घटना ने बारिश के दौरान तेज बहाव वाले पुलों और नालों के आसपास अतिरिक्त सतर्कता की जरूरत को भी सामने ला दिया है।