अभेद रहेगी उपराष्ट्रपति की सुरक्षा

0
18

वीवीआईपी दौरे को लेकर पुलिस हाई अलर्ट
ड्रोन से लेकर संदिग्धों पर रहेगी पैनी नजर
देहरादून(संवाददाता)। जनपद में 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित वीवीआईपी उपराष्ट्रपति कार्यक्रम को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कमर कस ली है। वीवीआईपी दौरे से पहले पुलिस लाइन देहरादून में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर समेत वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को ब्रीफ किया। अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया कि सुरक्षा में मामूली चूक भी स्वीकार नहीं की जाएगी और हर पुलिसकर्मी को पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वीवीआईपी रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक व्यापक तैयारियां की गई हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय से तीन घंटे पहले अपने प्वाइंट पर पहुंचकर आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच करने और अपने प्रभारी से ड्यूटी संबंधी आवश्यक जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं।
वीवीआईपी रूट पर पुलिस की नजर सिर्फ सड़क तक सीमित नहीं रहेगी। रूट से लगे हाईराइज भवनों में रहने वाले लोगों का शत-प्रतिशत सत्यापन कराया जाएगा। इसके साथ ही हाईराइज बिल्डिंग, पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बीडीएस और डॉग स्क्वॉड टीमों से सघन चैकिंग कराई जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल में प्रवेश को लेकर भी सुरक्षा का कड़ा प्रोटोकॉल लागू रहेगा। केवल अधिकृत व्यक्तियों और उनके वाहनों को विधिवत चेकिंग और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों की भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से बारीकी से निगरानी की जाएगी। पूर्व में नामित व्यक्तियों को भी एंटी-सबोटाज चेकिंग के बाद ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश मिलेगा।
अधिकारियों ने सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को साफ निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं किया जाएगा और बिना अनुमति कोई भी पुलिसकर्मी अपना ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ेगा। आसपास होने वाली किसी भी नई या संदिग्ध गतिविधि की तत्काल निगरानी और सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सादे और वर्दीधारी पुलिसकर्मियों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ उनके ड्यूटी कार्ड भी चेक किए जाएं। ब्रीफिंग के दौरान एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी. मुरुगेशन, आईजी एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे, आईजी गढ़वाल रेंज राजीव स्वरूप और डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र गुंज्याल समेत अन्य राजपत्रित अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वीवीआईपी दौरे से पहले दून में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस का संदेश साफ है रूट हो या कार्यक्रम स्थल, जमीन हो या आसमान, हर स्तर पर निगरानी रहेगी और सुरक्षा में चूक की कोई गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।

LEAVE A REPLY