उत्तराखण्ड को बनायेगे देश का श्रेष्ठ राज्य
राष्ट्र निर्माण में हर नागरिक निभाये अपनी भूमिका
मुख्य संवाददाता
80वें स्वतंत्रता दिवस पर मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवाास में तिरंगा फहराते हुए वीर बलिदानियों को नमन किया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री ने संकल्प लिया कि उत्तराखण्ड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाना है और इसके लिए जन भागीदारी से ही भारत आत्मनिर्भर और विकसित बनेगा। मुख्यमंत्री ने तिरंगें को सलाम किया और सभी अफसरों को संदेश दिया कि उत्तराखण्ड को शहीदों के सपनों का उत्तराखण्ड बनाना ही सबका विजन होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज राज्य विकास की नई ऊंचाई पर है और उत्तराखण्ड को विकसित राज्य बनाने का जो सपना देखा गया था उस पर तेजी से काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर सबको शपथ दिलाई कि वह कर्तव्य और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वाहन करें जिससे कि राज्य की जनता अपने सपनों का उत्तराखण्ड महसूस करती रहे।
देहरादून। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण से पहले मुख्यमंत्री सहित उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराया और सभी को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और मां भारती की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि अमर बलिदानियों ने जिस सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत का सपना देखा था, उसे साकार करने की दिशा में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से पूरा होने वाला राष्ट्रीय संकल्प है। इसके लिए हर व्यक्ति को अपने कार्यक्षेत्र में पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ योगदान देना होगा। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी ही भारत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
उत्तराखंड के विकास का संकल्प दोहराते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार समग्र, संतुलित और सतत विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि विकास की रोशनी प्रदेश के अंतिम छोर तक पहुंचे और प्रत्येक क्षेत्र तथा प्रत्येक वर्ग को इसका लाभ मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस हमें केवल आजादी के गौरव का अहसास नहीं कराता, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारे कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराता है।