धामी ने शुरू कराई शॉर्ट ट्रैक ट्रॉफी

0
4

बर्फ पर रफ्तार की जंग
दून बना एशिया के स्केटरों का अखाड़ा
उत्तराखण्ड में अन्तर्राष्ट्रीय खेलों की नई उड़ान
देहरादून। महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स एशिया के तेजतर्रार स्केटरों की मेजबानी का गवाह बना। यहां एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। 17 से 20 अगस्त तक होने वाली प्रतियोगिता में देश-विदेश के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन असली सफलता खेल भावना, अनुशासन, समर्पण और कभी हार न मानने के जज्बे में है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इस तरह के आयोजन से उत्तराखंड की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विंटर और आइस स्पोर्ट्स के लिए मजबूत होगी। साथ ही प्रदेश में खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के प्रति सोच बदली है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेल संस्कृति को मजबूती मिली है। भारतीय खिलाड़ी आज ओलंपिक, एशियन गेम्स और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पिछले वर्ष 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ। इसके जरिए प्रदेश में आधुनिक खेल सुविधाओं का मजबूत आधार तैयार हुआ है। इसी का परिणाम है कि अब उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। इन अकादमियों में खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी। हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर भी काम चल रहा है, जबकि लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। प्रतिभावान खिलाड़ियों को खेल छात्रवृत्ति, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निशुल्क शिक्षा और प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
सीएम ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। लक्ष्य है कि उत्तराखंड देश ही नहीं, बल्कि दुनिया के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र बने। इस दौरान विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY