पन्द्रह अगस्त के जश्न को अभेद बनाने को प्रशासन अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस पर दून में दिखेगी देशभक्ति की भव्य तस्वीर
प्रमुख संवाददाता
देहरादून। अस्सी में स्वतंत्रता दिवस के लिए परेड ग्राउण्ड में महामंच तैयार किया जा रहा है। आजादी के महापर्व को भव्य बनाने के लिए आज जनपद के डीएम और पुलिस कप्तान मैदान में उतरे और उन्होंने परेड ग्राउण्ड की सुरक्षा अभेद बनाने के लिए घंटो मंथन किया और वहां की सुरक्षा का ऐसा चक्रव्यूह बनाया है जिससे कि कोई भी परिंदा पर न मार सके। मुख्यमंत्री परेड ग्राउण्ड में तिरंगा फहरायेंगे और दून में देशभक्ति की भव्य तस्वीर नजर आयेगी। डीएम और पुलिस कप्तान ने इस समारोह में आने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए अपना बडा खाका तैयार किया है जिससे कि समारोह को भव्य रूप से समापन कराया जा सके।
आजादी के महापर्व को गर्व, उत्साह और उमंग के साथ मनाने के लिए राजधानी देहरादून पूरी तरह तैयार हो रही है। राज्य स्तरीय 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य और यादगार बनाने के लिए परेड ग्राउंड में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आज जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल खुद मैदान में उतरे और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा से लेकर यातायात, पार्किंग और मुख्य मंच तक की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। 15 अगस्त को सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी परेड ग्राउंड के मुख्य मंच पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इसके बाद पुलिस, अर्धसैनिक बल, होमगार्ड, एनसीसी और प्रांतीय रक्षक दल की टुकड़ियां पुलिस बैंड की धुन पर तिरंगे को सलामी देंगी। समारोह के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राज्य आंदोलनकारियों, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों तथा सराहनीय सेवाएं देने वाले पुलिस और विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री सम्मानित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान डीएम डॉ. आशीष चौहान ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि राज्य स्तरीय समारोह की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों की बैठक व्यवस्था से लेकर वाहन पार्किंग, सुरक्षा, यातायात संचालन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता और स्वागत-सत्कार तक हर व्यवस्था को माइक्रो प्लानिंग के साथ अंतिम रूप देने को कहा गया। डीएम और एसएसपी ने मुख्य मंच, सेफ हाउस, फोटो गैलरी, साउंड सिस्टम तथा समारोह के लाइव प्रसारण के लिए लगाई जाने वाली एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था भी देखी। पुलिस परेड और सलामी कार्यक्रम को निर्धारित समय के अनुसार अनुशासित और गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी अलर्ट मोड में है।
स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले 14 अगस्त को देहरादून में ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ भी मनाया जाएगा। वर्ष 1947 के विभाजन की त्रासदी झेलने वाले लोगों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। दून लाइब्रेरी में सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता का संदेश देती विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जबकि शाम को नगर निगम परिसर में कवि सम्मेलन आयोजित होगा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी केके मिश्रा, अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मृता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, सिटी मजिस्ट्रेट राकेश चंद्र तिवारी सहित प्रशासन, लोक निर्माण विभाग, एमडीडीए, पर्यटन, उद्यान, पूर्ति और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अब 15 अगस्त को परेड ग्राउंड में तिरंगे की आन-बान-शान के साथ होने वाले राज्य स्तरीय समारोह पर पूरे प्रदेश की निगाहें रहेंगी और प्रशासन ने इसके लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।