जनमानस को नदी के किनारे से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाने का मिशन
रुद्रप्रयाग। मुख्यमंत्री ने जनपद के डीएम और पुलिस कप्तान को साफ संदेश दिया कि नदी का जल स्तर बढने से नदी के किनारे रहने वाले लोगों के सामने एक बडा खतरा मंडरा सकता है इसलिए पुलिस फोर्स आनन-फानन में नदी के किनारे रहने वाले सभी परिवारों को वहां से रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाये जिससे कि कोई भी जनहानि न हो सके। मुख्यमंत्री के आदेश के बाद पुलिस ने नदी के किनारे रहने वाले सभी लोगों को वहां से तत्काल निकालने का मिशन शुरू कर दिया और लॉउडस्पीकर से सबको सचेत किया जा रहा है कि वह अपने घरों से निकले और जिला प्रशासन उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ले जाकर तब तक रखेगा जब तक नदी का जल स्तर कम नहीं हो जाता।
लगातार हो रही बारिश के चलते अलकनन्दा व मन्दाकिनी नदी के जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि हुई है। रुद्रप्रयाग पुलिस और प्रशासन की टीमों के द्वारा आम-जनमानस को नदी किनारे न जाने व सुरक्षित स्थानों पर जाने हेतु सूचित किया जा रहा है। सिरोबगड़ स्लाइडिंग जोन क्षेत्रान्तर्गत बाधित मार्ग सुचारु हो गया है परन्तु सिरोबगड़ से लगभग 800 मीटर आगे श्रीनगर की तरफ (गोवा ब्रिज नामक स्थान) पर अलकनंदा नदी का जल स्तर बढ़ने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग तक पानी आ गया है। सुरक्षा के दृष्टिगत यहां पर वाहनों का आवागमन बंद किया गया है।
रात्रि में हुई भारी बारिश के कारण जनपद रुद्रप्रयाग के सिरोबगड़, बांसवाड़ा (स्यालसौड़) व कुंड से चोपता के मध्य 4 अलग-अलग स्थानों पर मार्ग बाधित चल रहा है। लगातार हो रही बारिश के चलते अलकनन्दा व मन्दाकिनी नदी के जलस्तर में अत्यधिक वृद्धि हुई है। रुद्रप्रयाग पुलिस और प्रशासन की टीमों के द्वारा आम-जनमानस को नदी किनारे न जाने व सुरक्षित स्थानों पर जाने हेतु सूचित किया जा रहा है।
जनपद रुद्रप्रयाग के थाना अगस्त्यमुनि क्षेत्रान्तर्गत विजयनगर कस्बे में बनी पार्किंग की जमीन मन्दाकिनी नदी के कटाव के कारण धंस गयी है, इस स्थल का पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल ने निरीक्षण कर इस स्थान के आस-पास खड़े किये गये वाहनों को सुरक्षित स्थानों पर खड़े कराये जाने तथा सुरक्षा के दृष्टिगत प्रभावी यातायात प्रबन्धन किये जाने हेतु अगस्त्यमुनि के पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

