देहरादून(संवाददाता)। भारतीय जनता पार्टी महानगर के कार्यकर्ताओं ने गैरसैंण भराड़ीसैंण में मानसून सत्र के दौरान कांग्रेसी विधायकों के गैर जिम्मेदाराना रवैये के खिलाफ रैली निकालकर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करते हुए लैंसडाउन चौक पर कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंका और अपना विरोध दर्ज किया।
यहां भाजपा महानगर के कार्यकर्ता महानगर कार्यालय में इकटठा हुए और वहां से कांग्रेस पार्टी व कांग्रेस विधायकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रैली निकालकर लैंसडाउन चौक पहुंचे जहां पर कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज किया। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने जनता की आवाज को विधान सभा में दबाने का प्रयास किया है। जनहित से जुड़े प्रश्नों को उठाने की बजाय वह लगातार सदन की कार्यवाही को बाधित करते रहे और यह सब पूरे देश ने देखा है। उन्होंने कहा कि यह न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है, बल्कि जनता के विश्वास के साथ भी विश्वासघात है। कांग्रेस को यह समझना चाहिए कि विधानसभा जनता की समस्याओं को सुलझाने का मंच है, न कि राजनीतिक नाटक करने का अड्डा है। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता व दर्जाधारी राज्य मंत्री ज्योति प्रसाद गैरोला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा से ही लोकतंत्र की हत्या की है और गैरसैंण भराड़ीसैंण में उन्होंने जो मानसून सत्र के दौरान किया वह किसी से छिपा हुआ नहीं है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट करती है कि जनता से जुड़े मुद्दों पर किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा जनहित के हर प्रश्न को मजबूती से उठाती रहेगी और जनता की आवाज को हर मंच पर उठाती रहेगी। इस अवसर पर विधायक खजानदास ने कहा कि वह कांग्रेस के विधायकों बता देना चाहते हैं कि वह अपने असंवैधानिक आचरण से बाज आएं और भविष्य में सदन को सुचारु रूप से चलने दें, ताकि जनता की समस्याओं का समाधान समय पर हो सके और जनता को उसका लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के साथ थी, है और हमेशा खड़ी रहेगी। इस अवसर पर अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। पुतला फूंकने वालों में कैंट विधायक सविता कपूर दर्जाधारी राज्य मंत्री श्याम अग्रवाल, दर्जाधारी राज्यमंत्री पुनीत मित्तल, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, अशोक वर्मा, राजेन्द्र ढिल्लो, सुरेंद्र राणा, विजेंद्र थपलियाल, अंशुल चावला, सुनील शर्मा, संदीप मुखर्जी, विपिन खंडूरी, उमा नरेश तिवारी, प्रदीप कुमार, अक्षत जैन, संकेत नौटियाल, रतन सिंह चौहान विनोद शर्मा, राहुल लारा, सुमित पाण्डेय, प्रदीप रावत, सुषमा कुकरेती, प्रकाश बडोनी, आशीष शर्मा, राहुल चौहान अर्चना बागड़ी, देवेंद्र सिंह बिष्ट, राजकुमार पुरोहित, राजकुमार तिवारी विमल उनियाल, देवेंद्र सिंह सेठी, अवधेश तिवारी, राहुल पंवार, रानी सैनी, महेश गुप्ता, पवन त्रिपाठी राजेश काम्बोज, यासमीन आलम, मोती राम, संजीव शर्मा आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
