धराली क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान युद्धस्तर पर चलाते सीएम

0
218

देहरादून/उत्तरकाशी (संवाददाता)। उत्तराखण्ड के उत्तरकाशी के धराली में बादल फटने से मची बडी तबाही ने उत्तराखण्ड ही नहीं बल्कि देशभर के लोगों के मन में एक बडा डर पैदा कर दिया था और जो श्रद्धालु आस्था के पथ पर माथा टेकने के लिए गये थे उनके परिवारों के मन में भी अपनों को लेकर चिंता का जो दौर शुरू हुआ था वह दिल दहला देने वाला था। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों और बाहरी राज्यों से आये सभी श्रद्धालुओं का जीवन बचाने के लिए खुद उत्तरकाशी में मोर्चा संभाल रखा है और वह सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और वायु सेना के साथ मिलकर ऑपरेशन रेस्क्यू को अंजाम तक पहुंचाने के मिशन में 72 घंटे से उत्तरकाशी में मोर्चा संभाले हुये हैं जिसके चलते वहां एक-एक जिंदगी बचाने का युद्ध स्तर पर ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने धराली में पहुंचकर आपदा पीडितों को राहत पहुंचाने का खुद मोर्चा संभाला और इस आपदा में जो भी लापता हो रखे हैं उनकी खोजबीन का युद्ध स्तर पर ऑपरेशन चलाने के लिए उन्होंने साफ संदेश दिया हुआ है। आपदा की इस घडी में मुख्यमंत्री जिस तरह से आपदा प्रभावितों और श्रद्धालुओं का जीवन बचाने के लिए आगे आ रखे हैं उससे हर तरफ आशा की उम्मीद है कि वह सबको सुरक्षित बचाकर उनके गंतव्य तक पहुंचायेंगे। मातली हेलीपैड मे जाकर मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद अफसरों को दो टूक संदेश दिया कि इस ऑपरेशन को सफलता के साथ पूरा करने में कोई कमी न छोडी जाये।
मुख्यमंत्री तीन दिन से उत्तरकाशी में ही प्रवास कर स्वयं रेस्क्यू अभियान की कमान संभाले हुए हैं। मुख्यमंत्री ने आज सुबह जिला मुख्यालय उत्तरकाशी के निकटवर्ती मातली हेलिपैड में जाकर रेस्क्यू अभियान को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए और हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री की खेप रवाना करवाई। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार आपदा प्रभावित क्षेत्र में फंसे लोगों को निकालने के लिए मातली हेलीपैड से सुबह सात बजे से हेलिकॉप्टर्स की आवाजाही का सिलसिला शुरू हुआ। दोपहर तक 128 लोगों को हर्षिल से हेलिकॉप्टर के जरिए मातली हैलिपैड पहुंचाया जा चुका है। मुख्यमंत्री रेस्क्यू अभियान का जायजा लेने में लिये आज फिर से धराली क्षेत्र के भ्रमण पर रवाना हुए हैं। आपदाग्रस्त धराली क्षेत्र में प्रभावितों को राहत पहुँचाने और लापता लोगों की खोजबीन का अभियान युद्धस्तर पर जारी है। बुनियादी सुविधाओं तथा संचार व्यवस्था की बहाली के लिए विभिन्न एजेंसियां निरंतर जुटी हुई हैं। हर्षिल बगोरी में मोबाईल सेवा बहाल कर दी गई है।
वहीं धराली हर्षिल से आपदा प्रभावितों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत बचाव अभियान जारी हैं। उत्तरकाशी में मातली तथा चिन्यालीसौड़ में हेलीपैड पर रेस्क्यू किए गए लोगों को लाया जा रहा है जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इनके गंतव्य के लिए भेजे जाने के सभी प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। प्राप्त सूचनानुसार चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी पर अपराह्न 12 बजे तक सेना के एमआई -17 और चिनुक द्वारा 74 लोगों को रेस्क्यू कर लाया गया है जहां परिवहन के सभी साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। सभी को सकुशल उनके गंतव्य के लिए भेजा जा रहा है।

LEAVE A REPLY